राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली से अखिलेश यादव शुरू करेंगे चुनावी अभियान, ‘पीडीए रथ’ पर 24 को होंगे सवार
PDA Rath: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 24 सितंबर को पीडीए रथ को लेकर रायबरेली पहुंचेंगे। इस यात्रा के लिए अखिलेश यादव ने खास तौर पर बस को डिजाइन करवाया है।

अखिलेश यादव 24 सितंबर गुरुवार को राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली से पीडीए रथ यात्रा शुरू करेंगे
HighLights
विशेष बस/रथ पर राजनीति के दिग्गजों की तस्वीरें, प्रदेश का मथना उद्देश्य
अखिलेश यादव ने खास तौर पर बस को डिजाइन करवाया
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2026 में मिलकर लड़ना तय माना जा रहा है। इसी को पुख्ता करने के लिए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव कांग्रेस के गढ़ और राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र से 24 सितंबर गुरुवार को पीडीए रथ यात्रा शुरू करेंगे।
रायबरेली से पीडीए रथ यात्रा शुरू होने की खबर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 24 सितंबर को पीडीए रथ को लेकर रायबरेली पहुंचेंगे। इस यात्रा के लिए अखिलेश यादव ने खास तौर पर बस को डिजाइन करवाया है। इस रथ यात्रा का मकसद फरवरी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) नैरेटिव को जमीन तक पहुंचाना है।
अखिलेश यादव पीडीए रथ लेकर बछरावां पहुंचेंगे। यहां से उनका रथ हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी के घर पहुंचेगा। राहुल लोधी रायबरेली में ओबीसी के नेता माने जाते हैं। अखिलेश यादव का राहुल लोधी के घर जाना ऐसे समय में हो रहा है जब 17 सितंबर को रायबरेली शहर के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में आरएसएस की स्टूडेंट विंग ABVP और सपा से जुड़ी छात्र सभा के सदस्यों के बीच झड़प हुई थी।
सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने अखिलेश यादव ने पीडीए रथ यात्रा के लिए रायबरेली को चुनने पर बताया कि हमारे समाजवादी पार्टी छात्र सभा के नेताओं के साथ बदसलूकी की गई और प्रशासन ने ठीक से जवाब नहीं दिया। इसी कारण अखिलेश यादव ने घोषणा की थी कि हरचंदपुर MLA राहुल लोधी के घर चाय पीएंगे और रायबरेली में रथ पीडीए रथ यात्रा निकालेंगे।
दोनों पार्टियों के नेताओं का कहना है कि यात्रा की शुरुआती जगह के तौर पर रायबरेली को चुनना पॉलिटिकल रूप से ज्यादा जरूरी हो गया है। यह लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का चुनाव क्षेत्र है और सपा और कांग्रेस जल्द ही आने वाले चुनाव में गठबंधन के तौर पर लड़ने के लिए सीट-शेयरिंग पर बातचीत शुरू कर सकते हैं।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव 24 सितंबर 2026 को रायबरेली से अपनी बहुप्रतीक्षित ‘पीडीए रथ यात्रा' की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (PDA - Pichhda, Dalit, Alpsankhyak) समीकरण को मजबूत करने के लिए निकाली जा रही है। इस विशेष बस/रथ पर बाबा साहब भीमराव आंबेडकर, समाजवादी नेता राम मनोहर लोहिया, जनेश्वर मिश्र, मुलायम सिंह यादव और बेनी प्रसाद वर्मा जैसे दिग्गजों की तस्वीरें और संदेश अंकित हैं।
कांग्रेस नेता उदित राज ने सपा सांसद इकरा हसन के बयान और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा रायबरेली से शुरू होने पर कहा कि सब अपने नेता के बारे में बढ़ा-चढ़ाकर बातें करते हैं या उन्हें खुश करने के लिए ऐसी बातें करते हैं। उनकी अपनी भावना होती है। पूरा उत्तर प्रदेश अखिलेश यादव के लिए भी है और अन्य दलों के लिए भी है। वे इसे(PDA रथ यात्रा) कहीं से भी शुरू करें। इधर-उधर से बयान आते रहते हैं, लेकिन अंत में जिस समीकरण पर लोकसभा चुनाव लड़ा गया है, उसी समीकरण पर हम 2027 में विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
