Move to Jagran APP

राहुल गांधी को मानहानि मामले में सजा मिलने के बाद अखिलेश यादव ने साधा निशाना, कहा- विपक्ष की ताकत से डर गई BJP

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को मानहानि के एक मामले में गुजरात की सूरत कोर्ट से दो साल की सजा मिलने के मामले में भाजपा पर निशाना साधा है। सपा अध्यक्ष अखिलेश ने कहा कि भाजपा विपक्ष की ताकत से डर गई है।

By Shobhit SrivastavaEdited By: Nirmal PareekThu, 23 Mar 2023 10:35 PM (IST)
राहुल गांधी को मानहानि मामले में सजा मिलने के बाद अखिलेश यादव ने साधा निशाना, कहा- विपक्ष की ताकत से डर गई BJP
राहुल गांधी को मानहानि मामले में सजा मिलने के बाद अखिलेश यादव ने साधा निशाना

राज्य ब्यूरो, लखनऊ : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को मानहानि के एक मामले में गुजरात की सूरत कोर्ट से दो साल की सजा मिलने के मामले में भाजपा पर निशाना साधा है। सपा अध्यक्ष अखिलेश ने कहा कि भाजपा विपक्ष की ताकत से डर गई है।

अखिलेश ने गुरुवार को ट्वीट किया, "देश की मानहानि, जनता की मानहानि, सौहार्द की मानहानि, संविधान की मानहानि, अर्थव्यवस्था की मानहानि.. भाजपा पर न जाने कितने प्रकार के मानहानि के मुकदमे होने चाहिए। विपक्ष को नगण्य मुकदमों में फंसाकर अपना राजनीतिक भविष्य साधने वाली भाजपा विपक्ष की ताकत से डर गई है।"

भाजपा 2024 में वोट लेने के लिए कर रही उर्दू की बात

इसके अलावा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात का उर्दू में अनुवाद कराए जाने के मामले को लेकर भाजपा पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज उर्दू की बात वर्ष 2024 में वोट लेने के लिए कर रही है। भाजपा से कोई उम्मीद नहीं है। भाजपा ने समाज में नफरत का जहर फैलाया है। मुसलमान भाइयों को अपमानित किया है। उन्होंने कहा कि उर्दू प्रेम व भाईचारे की भाषा है। यह भारतीय भाषा है। उर्दू ने गंगा जमुनी तहजीब और मिली जुली संस्कृति को बढ़ावा दिया है।

सपा मुखिया ने गुरुवार को लखनऊ में डा. राममनोहर लोहिया जयंती के मौके पर लोहिया पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया कर्मियों से कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार ने मिलकर 17 बजट प्रस्तुत किए हैं, जनता आज भी महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। किसान की आय दोगुनी नहीं हुई। किसानों का आलू, गेहूं व सरसों आज बर्बाद हो गया है। भाजपा ने इनकी कोई मदद नहीं की है। भाजपा सरकार ने गन्ने की कीमत नहीं बढ़ाई। गन्ना किसानों के बकाए का भुगतान नहीं किया है। नौजवानों को नौकरी रोजगार नहीं मिल रहा है। भाजपा आरक्षण को खत्म कर रही है। भाजपा सरकार निजीकरण कर सरकारी नौकरियां समाप्त कर रही है।

उन्होंने कहा कि देश में खुशहाली समाजवादी रास्ते से ही आएगी। देश और समाज की समस्याओं का समाधान समाजवादी रास्ते से ही हो सकता है। डा. लोहिया ने गैर-बराबरी के खिलाफ लड़ाई लड़ी, लोगों को जागरूक किया। हम सभी लोग डा. लोहिया की याद कर रहे हैं, उनके साथ भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरू को भी याद करते हैं जिनका आज शहीद दिवस भी है। डा. लोहिया ने समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाया। आज भी समाजवादी आंदोलन की सबसे ज्यादा जरूरत है। समाजवादी व्यवस्था, संपन्नता और बराबरी के रास्ते पर ले जाती है।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, राष्ट्रीय महासचिव अवधेश प्रसाद, स्वामी प्रसाद मौर्य, आरके चौधरी, ओम प्रकाश सिंह, रविदास मेहरोत्रा, राजेन्द्र यादव, अरविन्द कुमार सिंह, डा. राजपाल कश्यप, अनुराग यादव, मीरा वर्धन, पूजा शुक्ला, सीएल वर्मा, राज कुमार मिश्रा, दीपक रंजन आदि ने भी डा. लोहिया को श्रद्धासुमन अर्पित किए।