'चढ़ावा चोरी से देश की हुई बदनामी, दूर हो रहे इन्वेस्टर', अयोध्या मामले में अखिलेश ने बीजेपी को घेरा
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या मंदिर में 'चढ़ावा चोरी' को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है, आरोप ...और पढ़ें

HighLights
अखिलेश ने अयोध्या मंदिर में चढ़ावा चोरी पर भाजपा को घेरा।
कहा, इससे देश की बदनामी हुई, निवेशक दूर हो रहे हैं।
भाजपा ने धार्मिक, आर्थिक विश्वसनीयता खो दी है: सपा प्रमुख।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि अयोध्या के मंदिर से ‘चढ़ावा, चंदा, दान चोरी’ का समाचार समस्त विश्व में फैल चुका है। दुनिया भर में रहने वाला सनातनी भाजपा और उनके संगी-साथियों के कृत्यों से हो रही बदनामी की वजह से शर्मसार हैं।
आहत भी कि उन्होंने भी मंदिर में दान-चंदा भिजवाया था या स्वयं आकर चढ़ाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के साथ देश को भी भाजपाई अधर्मियों के कारण अपयश का शिकार होना पड़ रहा है।
बुधवार को जारी बयान में सपा प्रमुख ने कहा कि दुनिया भर के निवेशक भी अब अपना हाथ खींच रहे हैं, क्योंकि उन्हें लग रहा है कि ऐसी सरकार का क्या भरोसा जिसने अपने भगवान के दानपात्र तक को नहीं छोड़ा, वो कल को हमारे निवेश को क्या छोड़ेगी। भाजपा सरकार ने अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक विश्वसनीयता पूरी तरह खो दी है।
टिन्नू यादव से बातचीत के मामले में भी दी प्रतिक्रिया
वहीं चढ़ावा चोरी के आरोपित टिन्नू यादव से बातचीत के आरोपों को लेकर सपा प्रमुख ने एक्स पर लिखा, ‘भाजपाइयों से गलती ये हुई है कि उन्होंने, उससे झूठे आरोप लगवाए-बढ़वाए, जिनका व्यक्तिगत रिकार्ड, ऐतिहासिक रूप से बदनाम है और जिनकी महाभ्रष्टाचारी सामाजिक-राजनीतिक दूषित छवि की वजह से उनके अपने दल के लोग ही, उन्हें आसपास भटकने नहीं देते हैं।
इनकी इतनी ही योग्यता और उपयोगिता है कि महाझूठ प्रसारण के लिए उनको लाउडस्पीकर की तरह इस्तेमाल किया जाता है। ये दूसरों के हाथ के उपकरण मात्र हैं। इनकी स्वयं की कोई व्यक्तिगत साख नहीं है, ये किसी शाख की उपशाख हैं।’
