विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 11, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP: अखिलेश बोले- लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही भाजपा, BJP प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने द‍िया जवाब

By Jagran NewsEdited By: Prabhapunj Mishra
Published: Sat, 11 Mar 2023 08:09 AM (IST)

अख‍िलेश ने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा क‍ि बीजेपी सत्ता का दुरुपयोग कर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही ...और पढ़ें

UP Politics: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी एवं सपा प्रमुख अखिलेश यादव
UP Politics: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी एवं सपा प्रमुख अखिलेश यादव

लखनऊ, राज्य ब्यूरो। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग करके लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। देश में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। सरकारी एजेंसियों ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआइ का उपयोग सत्ता विरोधी विपक्ष को डराने-धमकाने और समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए किया जाने लगा है। बुलडोजर से डराना भाजपा का एजेंडा है। लोकतंत्र को बचाने के लिए नए महाभारत के युद्ध में समाजवादी पार्टी तैयार है।

अखिलेश ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में युवा संगठनों के प्रमुख नेताओं की बैठक में कहा कि आज नौजवानों का भविष्य अंधेरे में है। रोटी-रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं है। समाजवादी पार्टी उनके लिए आवाज उठाती रही है। महंगाई भाजपा के कारण है। किसान की आय दोगुनी कहां हुई? बिजली महंगी क्यों है? एक यूनिट बिजली का भाजपा राज में उत्पादन नहीं हुआ।

फर्जी मुकदमों में समाजवादी पार्टी के नेताओं को फंसाया जा रहा है। भाजपा वैमनस्य, नफरत की राजनीति करती है। आगामी निकाय चुनाव और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की धांधली रोकने में नौजवानों की सक्रिय भूमिका होगी।अखिलेश ने एक बार फिर दोहराया कि जातीय जनगणना सामाजिक न्याय के लिए जरूरी है। सभी को हक और सम्मान तभी मिल सकेगा जब जातीय गणना के आधार पर उनके साथ न्याय होगा। सपा की सरकार बनने पर तीन माह में जातीय जनगणना करा देगी।

सपा प्रमुख का काम संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना : भूपेंद्र चौधरी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्षी दलों के नेताओं पर तीखा हमला बोला है। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों में जांच का सामना कर रहे विपक्षी दलों के नेताओं के पास संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के अलावा कोई और एजेंडा नहीं है। अपनी करनी को छिपाने के लिए ये नेता लगातार झूठे आरोप की राजनीति कर रहे हैं लेकिन ऐसा करने से उनके पाप नहीं छिपेंगे।

चौधरी ने यह भी कहा कि अगर किसी ने कुछ गलत नही किया है तो उसे भयभीत होने की जरूरत नहीं है।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव इस मुहिम के नेता के तौर पर आगे आए हैं, लेकिन वह आरोप लगाने से पहले अपने शासन को देखें। समाजवादी पार्टी के शासनकाल में ही हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद भी खाद्यान्न घोटाले की जांच सीबीआई से कराने में हीला-हवाली हुई। यूपीपीएससी जैसी बेदाग संस्था जिसकी साख पूरे देश में थी को भी बदनाम कर दिया गया।

ये वही समाजवादी पार्टी है जिसने राजभवन की गरिमा को भी तार-तार कर दिया था। निकाय चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि अब जब सरकार निकाय चुनाव कराने की दिशा में सभी संवैधानिक प्रक्रियाओं को पूरा कर आगे बढ़ रही है तो यह भी सपा प्रमुख को पच नहीं रहा है। कहा, जनता उनके भ्रम व छलावे को समझती है। इसलिए 2014, 2017, 2019, 2022 के लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में विपक्षी दलों के मिथ्यारोपों का जवाब जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर दिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।