'PDA सरकार बनी तो राशन के साथ सरसों का तेल भी देंगे'; चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा बयान
विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने 'पीडीए सरकार' बनने पर मुफ्त राशन के साथ सरसों का तेल देने का वादा किया है।

अखिलेश यादव
HighLights
अखिलेश ने 'पीडीए सरकार' बनने पर मुफ्त सरसों तेल देने का वादा।
भाजपा पर महिला सम्मान, गरीबों के अपमान का आरोप लगाया।
आगामी चुनाव को महिला-युवा बनाम भाजपा की लड़ाई बताया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुफ्त राशन के साथ सरसों का तेल देने का वादा कर गरीब परिवारों को साधने की कोशिश की है।
उन्होंने कहा है कि कुछ महीनों बाद पीडीए सरकार बनाकर राशन में सरसों का तेल देने का काम करेंगे, ताकि किसी शोषित, वंचित और गरीब को अपमानित न होना पड़े। इस घोषणा के साथ उन्होंने भाजपा के खिलाफ महिला सम्मान, गरीबों के साथ व्यवहार और सामाजिक न्याय के मुद्दे भी उठाए हैं। उनके ताजा राजनीतिक संदेश में राशन की सुविधा के साथ महिला और युवा वर्ग को आगामी चुनाव के केंद्र में रखने की रणनीति दिखाई दे रही है।
सोमवार को अखिलेश ने इंटरनेट मीडिया पर अयोध्या में दीपोत्सव के बाद बचे दीयों से तेल इकट्ठा कर रहे परिवारों की महिलाओं और बच्चों के साथ कथित मारपीट का मामला उठाया। उन्होंने इसे भाजपा के नारी वंदन कार्यक्रम से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने नारी सम्मान के नाम पर हिंसक व्यवहार किया।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में पेश किया गया यह नजारा वंदनीय नहीं, बल्कि निंदनीय है। अखिलेश ने महिला आयोग से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित भाजपा कार्यकर्ता और आयोजकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की। सपा अध्यक्ष ने लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवक की मां का मामला भी उठाया।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर दुखी मां का सार्वजनिक रूप से अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाएं इस घटना को नहीं भूलेंगी। उन्होंने भाजपा के खिलाफ मातृशक्ति के आक्रोश का जिक्र करते हुए कहा कि इसका असर चुनाव में दिखाई देगा।
अखिलेश ने 2024 के लोकसभा चुनाव और 2026 के विधान परिषद चुनाव के परिणामों को भाजपा के खिलाफ जनता के रुख का संकेत बताया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के वादों का असर खत्म हो रहा है। यह आरोप भी लगाया कि भाजपा से जुड़े राजनीतिक लोग जनाक्रोश के कारण राजनीति छोड़ रहे हैं या दूसरी पार्टियों में जगह तलाश रहे हैं। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को महिला-युवा बनाम भाजपा की लड़ाई बताया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।