'भाजपा एक लाख दे रही, हम दो लाख देंगे', यूपी चुनाव से पहले महिलाओं को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा दांव
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घोषणा की है कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को दो लाख रुपये दिए जाएंगे, जो भाजपा के वादे से दोगुनी राशि है।

भाजपा एक लाख दे रही, हम महिलाओं को देंगे दो लाख रुपये: अखिलेश यादव।
HighLights
सपा सरकार बनने पर महिलाओं को दो लाख रुपये की सहायता।
अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड जीत का दावा किया।
भाजपा सरकार की नीतियों और सीएम योगी के बयान पर तंज।
राज्य, ब्यूरो, लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा सरकार बनने पर महिलाओं को अब दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि हमने पहले 40 हजार रुपये देने का वादा किया था।
इसके बाद सरकार ने 50,000 रुपये देने की बात की और बाद में कहा कि एक लाख रुपये देंगे। वो जिस नियम-कानून के तहत या बैंक से कर्ज लेकर ये राशि देंगे, उसी नियम-कानून से हम दो लाख रुपये की व्यवस्था करेंगे।
उन्होंने विधान सभा चुनाव में सुरक्षित सीटों सहित रिकॉर्ड जीत का दावा किया। गठबंधन को लेकर दोहराया कि सपा का जो पूर्व में गठबंधन था, वही रहेगा।
सोमवार को पार्टी मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में सपा प्रमुख ने कहा कि सुरक्षित सीटों को लेकर संगठन से फीडबैक मिला है, उस पर पार्टी निर्णय लेगी। इस बार पहले से ज्यादा सीटें जीतेगी।
फिल्म रिलीज होने से पहले फ्लाप हो जाएगी- अखिलेश
तबादलों पर कहा कि ढूंढ-ढूंढ कर पीडीए अधिकारियों को हटाया जा रहा है। हम सूची बना रहे हैं, आयोग से शिकायत की जाएगी। ये कितनी भी तैयारी कर लें, चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा हार जाएगी। इनकी फिल्म रिलीज से पहले फ्लाप हो जाएगी।
सीएम के घोड़े वाले बयान पर सपा प्रमुख का तंज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के घोड़े वाले बयान पर तंज किया कि ये कहीं वनस्पति का असर तो नहीं या फिर लगता है दाना कम दिया होगा। जो घोड़े को पूरा खाना नहीं देते, इनसे क्या उम्मीद की जा सकती है।
प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने की चर्चाओं पर कहा कि जो देश में बंटवारे की बात कर रहे हैं, वही प्रदेश को भी बांटने की बात कर रहे हैं। एक प्रश्न के जवाब में कहा कि अमेरिका ने 100 प्रतिशत टैरिफ का रिटर्न गिफ्ट दिया है, वो भी प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर।
आउटसोर्सिंग के प्रश्न पर कहा कि आउटसोर्स में वेतन एजेंसी के माध्यम से दिया जाता है, इसमें आसानी से कमीशन ले लिया जाता है। गोरखपुर में पुलिस हिरासत में मृत्यु पर कहा कि सपा सरकार में दोषियों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने हाथरस प्रकरण में अब तक न्याय न मिलने की भी बात कही।
