शून्य की राह पर अब अखिलेश, बसपा सुप्रीमो टिकट बेचने की तजुर्बेकार : भाजपा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि बसपा सुप्रीमो के टिकट बेचने की तजुर्बेकारी से प्रदेश वाकिफ है। अखिलेश भी सपा तरह शून्य राह पर है।
लखनऊ (जेएनएन)। भाजपा ने बसपा सुप्रीमो मायावती पर करारा प्रहार किया है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि बसपा सुप्रीमो के टिकट बेचने की तजुर्बेकारी से प्रदेश वाकिफ है। उन्होंने अखिलेश यादव के कुर्बानी के बयान पर यह भी कहा कि मुलायम सिंह यादव की मेहनत से बनी सपा को अब अखिलेश यादव कुर्बान करने पर तुले हैं। डॉ. पांडेय ने कहा कि उप्र को लूटने वाले जनता के कठघरे में फिर सजा पाएंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा में बसपा की सदस्यता शून्य है और अखिलेश भी उसी राह पर चल पड़े हैं।
विकास का ढोल फटा तो भ्रष्टाचार उजागर
पांडेय ने कहा कि जनता द्वारा सत्ता से बेदखल लोगों को महालेखाकार की ऑडिट रिपोर्ट ने बेनकाब कर दिया है। सपा-बसपा की पूर्ववर्ती सरकारों के द्वारा पीटे गए विकास का ढोल फटा तो भ्रष्टाचार उजागर हो गया। उन्होंने सपा-बसपा से सवाल किया कि वह प्रदेश को बताएं कि क्या गठबंधन के नेता का चयन वंशवादी राजनीति से बाहर निकल पाएगा। भाजपा का शुरू से मत है कि वंशवादी परंपरा के आधार पर मुलायम सिंह ने अपने अपरिपक्व पुत्र को प्रदेश पर थोप दिया था।