'माफियाराज और अखिलेश' के पोस्टरों से गरमाई यूपी की राजनीति, मुरादाबाद से पूर्वांचल तक लगे तस्वीरों वाले होर्डिंग
उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव को निशाना बनाते हुए 'माफियाराज' के आरोपों वाले पोस्टर और होर्डिंग मुरादाबाद से पूर्वांचल तक ...और पढ़ें
-1790031337132_m.webp)
HighLights
अखिलेश यादव को निशाना बनाते हुए पोस्टर लगाए गए।
मुरादाबाद से पूर्वांचल तक कई शहरों में दिखे होर्डिंग।
सपा नेताओं ने कार्रवाई की मांग की, पुलिस जांच में जुटी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। इंटरनेट मीडिया पर राजनीतिक बयानबाजी के बीच अब पोस्टर व होर्डिंग ने भी प्रदेश की सियासत गरमा दी है। मुरादाबाद से पूर्वांचल तक कई शहरों में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाना बनाते हुए माफियाराज से जुड़े आरोपों वाले पोस्टर व होर्डिंग लगाए गए। सोमवार सुबह जानकारी होने पर सपा नेताओं ने स्थानों से पोस्टर हटाए और प्रशासन से कार्रवाई मांगी। पोस्टर किसने लगाए, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
मुरादाबाद और कुछ जिलों में रविवार रात प्रमुख मार्गों पर लगे पोस्टरों में ‘माफियाराज और अखिलेश, लूट लिया था पूरा प्रदेश’ जैसे संदेश लिखे थे। इनमें अखिलेश यादव के साथ आजम खां, वीरपाल सिंह यादव और सर्वेश यादव की तस्वीरें थीं। सपा नेताओं ने पोस्टर के लिए भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया। मुरादाबाद में जिलाध्यक्ष जयवीर यादव ने प्रशासन को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।
वाराणसी और गाजीपुर में लगे होर्डिंगों में अखिलेश के साथ आजम खां, अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी, मुन्ना बजरंगी, रमाकांत यादव और उमाकांत यादव की तस्वीरों का इस्तेमाल हुआ। होर्डिंगों पर ‘आजम, अतीक और मुख्तार यही चलाते थे सरकार’ जैसे स्लोगन लिखे थे। गाजीपुर में विकास भवन, सिंचाई चौराहा, रेलवे स्टेशन और रौजा, जबकि वाराणसी के पांडेयपुर चौराहे पर होर्डिंग मिले।
सूचना पर सपा कार्यकर्ताओं ने इन्हें हटा दिया। गाजीपुर में सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मिलकर आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की। फ्लैक्सी साइट के ठेकेदार यशवंत राय के अनुसार, उनकी अनुमति के बिना रात में होर्डिंग लगाए गए। उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने भी जांच की मांग की। एसपी डा. ईरज राजा ने कहा कि इन पोस्टर लगाने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। प्रयागराज में भी कई स्थानों पर ऐसी होर्डिंग नजर आईं। सपा नेताओं ने इसे मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास बताया।
