Move to Jagran APP

SP Convention: अखिलेश ने 2024 के लिए दिया दलित-पिछड़ों की एकता का मंत्र, बोले- भाजपा को सिर्फ सपा ही हरा सकती

SP State Convention सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ेगी। सपा भाईचारा एकता व मिली-जुली संस्कृति को बचाने का काम करेगी। हम संघर्ष का रास्ता अपनाकर भाजपा सरकार से टकराने का काम करेंगे।

By JagranEdited By: Umesh TiwariPublished: Wed, 28 Sep 2022 08:10 PM (IST)Updated: Wed, 28 Sep 2022 08:10 PM (IST)
SP Convention: अखिलेश ने 2024 के लिए दिया दलित-पिछड़ों की एकता का मंत्र, बोले- भाजपा को सिर्फ सपा ही हरा सकती
SP State Convention: समाजवादी पार्टी का नौवां राज्य सम्मेलन।

UP News: लखनऊ, राज्य ब्यूरो। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने बुधवार को पार्टी के नौवें राज्य सम्मेलन में (SP State Convention) वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत के लिए दलित व पिछड़ों की एकता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि संविधान में हमें जो अधिकार मिले हैं उनमें छेड़छाड़ करके जानबूझकर भाजपा सरकार बहुजन समाज को पीछे छोड़ना चाहती है। नौकरियां नहीं, रोजगार नहीं, प्रदेश और देश को ये किस दिशा में ले जा रहे हैं? भाजपा सरकार बहुजन समाज को पीछे धकेलने के लिए षड्यंत्र कर रही है। सरकारी संस्थाओं का निजीकरण करके नौकरियां खत्म की जा रही हैं।

loksabha election banner

लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ेगी सपा

रजधानी लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित राज्य सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ेगी। सपा भाईचारा, एकता व मिली-जुली संस्कृति को बचाने का काम करेगी। हम संघर्ष का रास्ता अपनाकर भाजपा सरकार से टकराने का काम करेंगे। भविष्य में समाजवादी पार्टी का संगठन सबसे मजबूत व अनुशासित दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि पिछले दो चुनाव वर्ष 2019 और 2022 से स्पष्ट है कि भाजपा का मुकाबला समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता ही कर सकते हैं। सपा की ताकत लगातार बढ़ रही है और भाजपा की घट रही है।

अखिलेश ने की भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना

अखिलेश यादव ने कहा कि ‘2019 के लोकसभा चुनाव में समाजवादियों ने कोशिश की थी, ऐतिहासिक फैसला लिया था। देश के करोड़ों लोग सपना देख रहे थे कि बहुजन की ताकतें एक साथ एक मंच पर खड़ी हो जाएं, जो कभी डा. राम मनोहर लोहिया और बाबा साहब भीमराव आंबेडकर ने देखा था। वर्ष 2019 में समाजवादियों ने त्याग करके उस सपने को साकार करने की कोशिश की थी। समाजवादी चाहते थे कि बड़ी जीत हासिल हो लेकिन जिस तरह के लोग सत्ता में हैं, उन्होंने हर चीज का दुरुपयोग किया। हम कामयाब नहीं हुए।’ उन्होंने भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए उसे हर मोर्चे पर विफल बताया है। साथ ही अपनी सरकार के समय के कार्यों को भी गिनाया।

नरेश उत्तम पटेल फिर बने प्रदेश अध्यक्ष

नरेश उत्तम पटेल फिर सपा के प्रदेश अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। राज्य सम्मेलन में चुनाव अधिकारी व पार्टी के प्रमुख महासचिव प्रो. राम गोपाल यादव ने उनके निर्वाचन की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के लिए केवल एक नामांकन आया है। इसलिए नरेश उत्तम को निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया है। नरेश उत्तम लगातार तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। उन्हें अखिलेश का करीबी होने का लाभ मिला। अखिलेश यादव ने उन्हें बधाई देते हुए कहा, ‘आने वाले समय में जो चुनौतियां हैं, उनका मुकाबला हम सब मिलकर करेंगे। संगठन के साथ-साथ हमारे सभी साथी मिलकर समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे। यह लड़ाई बड़ी है जो समाज में बांटने वाली ताकतें हैं उनको सत्ता से बाहर निकालने का काम हम मिलकर करेंगे।’ अंत में नरेश उत्तम ने अखिलेश यादव, प्रो. रामगोपाल सहित सभी को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर धन्यवाद दिया।

यह भी पढ़ें : सपा ने लिया भाजपा को सत्ता से बाहर करने का संकल्प, आजम के जरिए अल्पसंख्यकों को साधने की कोशिश


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.