विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अखिलेश यादव के राममंदिर जाने के फैसले पर बीजेपी ने किया चौतरफा घेराव, काशी-मथुरा पर सपा को दी चुनौती

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:02 PM (IST)

भाजपा ने सपा के पुराने रुख पर सवाल उठाते हुए मथुरा और काशी के मुद्दों पर भी चुनौती दी है, ...और पढ़ें

अखिलेश यादव के अयोध्या राम मंदिर जाने के फैसले पर भाजपा ने सपा को घेरा है।

अखिलेश यादव के अयोध्या राम मंदिर जाने के फैसले पर भाजपा ने सपा को घेरा है। 

HighLights

  1. अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से यूपी में राजनीतिक पारा चढ़ा।

  2. भाजपा ने सपा को कारसेवकों पर गोली चलाने के लिए घेरा।

  3. उपमुख्यमंत्री मौर्य ने अखिलेश को मथुरा जाने की चुनौती दी।

राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। अयोध्या एक बार फिर उत्तर प्रदेश की राजनीतिक धुरी बनता नजर आ रहा है। चुनावी वर्ष में सपा प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के निर्णय के बाद राजनीतिक पारा अचानक चढ़ा है। सपा जहां हिंदू वोटों का भरोसा जीतने के लिए बड़ा कदम उठा रही है, वहीं एनडीए ने अखिलेश पर तीखे सवालों की बौछार कर दी है।

भाजपा ने सपा को कारसेवकों पर गोली चलाने, राम मंदिर निर्माण का विरोध करने, अब तक दर्शन न करने एवं मुस्लिम तुष्टिकरण पर घेरा है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने यदुवंश का हवाला देते हुए अखिलेश को अब मथुरा कृष्ण जन्म भूमि के समर्थन में भी आगे आने की चुनौती दी है। उधर, बलिया के सपा सांसद सनातन पांडे ने संविधान की रक्षा में कारसेवकों पर गोली चलाने की बात कहकर नई बहस छेड़ दी है।

राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में फैजाबाद सीट पर जीत दर्ज करने के बाद सपा का मनोबल ऊंचा बना हुआ है। सपा जानती है कि सिर्फ मुस्लिम एवं यादव वोटों के दम पर सत्ता नहीं मिलेगी, तक ऐसे में पार्टी जातीय गोलबंदी एवं प्रभावी नैरेटिव गढ़ने में जुटी है। एक रणनीति के तहत अयोध्या में पूर्व मंत्री एवं सपा नेेता पवन पांडे ने अखिलेश यादव के 12 नवंबर को अयोध्या में राम मंदिर पहुंचकर दर्शन करने की बात कहकर तापमान चढ़ाया। इस पर भाजपा समेत एनडीए के घटक दलों ने अखिलेश पर शाब्दिक हमला बालते हुए कई कड़वे सवाल पूछ लिए।

अब दोनों तरफ की बयानबाजी के बीच अयोध्या फिर से चुनावी विमर्श की राजधानी बन गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाम लिए बिना कहा कि ‘आएं दर्शन करें लेकिन उन्हें कारसेवकों पर गोलियां चलवाने के लिए सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगना चाहिए’। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि ‘अगर अखिलेश को पश्चाताप है तो उन्हें 12 नवंबर नहीं, बल्कि छह दिसंबर को अयोध्या जाना चाहिए।’ चौधरी ने इसे सपा की पैंतरेबाजी बताया। केशव ने कहा कि किसी तीर्थ स्थल पर ‘किसी के जाने को लेकर कोई रोक नहीं, लेकिन जब अखिलेश स्वयं जाने की बात करेंगे तो उन्हें मेरे सवालों का जवाब देना होगा’।

ब्रजेश ने पूछा कि ‘यदि अखिलेश अयोध्या जा रहे हैं तो वह रामलला के दरबार में माफी मांगें। स्वीकार करें कि समाजवादी पार्टी से गलती हुई है। यह भी बताएं कि वह काशी विश्वनाथ एवं मथुरा कब जा रहे हैं और वहां कब्जों की निंदा कब करेंगे’? योगी सरकार में मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री रहते अखिलेश को कभी मंदिर की याद नहीं आई। देर से सदबुद्धि तो आई, लेकिन अब ये बताएं कि मथुरा और काशी कब जाएंगे। अयोध्या जा रहे हैं तो राहुल गांधी को भी साथ ले लें।’

मंत्री डा. संजय निषाद ने कहा कि ‘अखिलेश ने बड़ी देर कर दी। लेकिन उनकी दर्शन की अभिलाषा है या राजनीति की, यह प्रश्न है। कहीं उनकी दृष्टि बगल में निषादराज पर तो नहीं।’ उधर, सपा के राज्य सभा सदस्य एवं राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव ने तंज कसा है कि ‘अखिलेश के राम मंदिर जाने से भाजपा के पेट में क्यों दर्द हो रहा है’। कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि ‘अखिलेश कहां जाएंगे, इसे भाजपा कैसे तय कर सकती है’।

बलिया के सपा सांसद सनातन पांडे ने भाजपा के प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह ने संविधान की रक्षा के लिए कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं, जिसे भाजपाइयों ने हिंदू विरोधी बयान बताते हुए सपा को घेर लिया। उधर, चुनावी परिस्थितियों और समीकरणों को देखते हुए सपा नेता शिवपाल यादव ने अपने दल के नेताओं को बयान देने में संयम रखने की नसीहत दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।