विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मायावती का बड़ा एलान: आकाश आनंद यूपी में करेंगे 5 बड़ी जनसभाएं, अशोक सिद्धार्थ की बसपा में वापसी नहीं

Published: Sun, 18 Oct 2026 10:16 AM (IST)Updated: Sun, 18 Oct 2026 10:23 AM (IST)

मायावती ने आकाश आनंद को बसपा में बड़ी जिम्मेदारी देते हुए उत्तर प्रदेश में पांच जनसभाओं को संबोधित करने की ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. आकाश आनंद यूपी में पांच जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

  2. अशोक सिद्धार्थ की बसपा में वापसी की अटकलें खारिज।

  3. ईशान आनंद भी पार्टी के चुनाव कार्यों में सहयोग करेंगे।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा है कि आकाश आनंद अब पार्टी और मूवमेंट के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में पूरी मेहनत और तेजी से जुट गए हैं। बसपा मुखिया ने कहा कि बहुजन समाज के लोगों को उनसे काफी अपेक्षाएं हैं। इसी क्रम में आकाश आनंद आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में आयोजित पार्टी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

मायावती के अनुसार, आकाश आनंद 28 अक्टूबर 2026 को बुलंदशहर, 2 नवंबर को सहारनपुर, 20 नवंबर को अयोध्या, 22 नवंबर को आगरा और 29 नवंबर को कानपुर नगर में बीएसपी की ओर से आयोजित जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

इसके अलावा, 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पंजाब में आयोजित बीएसपी की विचार संगोष्ठी में वह मुख्य अतिथि के रूप में अपने विचार रखेंगे। वहीं, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर 6 दिसंबर 2026 को उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित विचार संगोष्ठी एवं जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

अशोक सिद्धार्थ की वापसी की अटकलों को किया खारिज

मायावती ने अपने बयान में आकाश आनंद की सक्रियता का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी में पिछले दिनों हुए अप्रिय घटनाक्रमों के लिए आकाश आनंद की तुलना में उनके रिश्तेदार अशोक सिद्धार्थ अधिक जिम्मेदार रहे हैं। इसी कारण अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर कर उन्हें राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी गई थी।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि कुछ स्वार्थी तत्व तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में सभी कार्यकर्ता सतर्क रहें और आकाश आनंद को सौंपी गई जिम्मेदारियों तथा पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटें।

मायावती ने अशोक सिद्धार्थ की पार्टी में दोबारा वापसी की चर्चाओं को भी निराधार बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अशोक सिद्धार्थ को किसी भी परिस्थिति में पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा।

ईशान आनंद भी पार्टी के कामकाज में करेंगे सहयोग

बीएसपी प्रमुख ने यह भी बताया कि आनंद कुमार के छोटे बेटे ईशान आनंद, जो लंदन से वकालत की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं, पार्टी के दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में सहयोग करेंगे। उनके निर्देशन में ईशान आनंद विशेष रूप से पार्टी के चुनाव संबंधी कार्यों और अन्य कागजी प्रक्रियाओं में अपनी भूमिका निभाएंगे।

यह भी पढ़ें- बसपा 2027 चुनाव की तैयारी में: आगरा में आकाश आनंद करेंगे प्रत्याशियों का एलान! सीटों पर दावेदारों की सूची तैयार