Coronavirus Lockdown: आज घर लौंटेगे विदेश में फंसे भारतीय,177 लोगों को लेकर शारजाह से आएगा विमान
Coronavirus Lockdown शारजाह में फंसे भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विमान लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेगा।
लखनऊ, जेएनएन। Coronavirus Lockdown: विदेश में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए विमानों को रवाना कर दिया गया है। शारजाह में फंसे भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विमान शनिवार रात लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेगा। इस विमान से यूपी के 177 लोगों को लखनऊ लाया जाएगा। यहां थर्मल स्कैनिंग के बाद उनको आगे भेजा जाएगा। एयरपोर्ट पर कई टीमों को लगाया गया है।
लखनऊ एयरपोर्ट पर करीब डेढ़ महीने बाद यह पहला अंतरराष्ट्रीय विमान उतरेगा। शारजाह में फंसे भारतीयों ने यूपी के कई जिलों में आने के लिए वहां भारतीय दूतावास से संपर्क किया था। इसके बाद उनका पंजीकरण कराकर बाकी प्रक्रिया को पूरा किया गया। एयर इंडिया का विमान आइएक्स-0183 शनिवार को दिल्ली से दोपहर 12:00 बजे रवाना होगा। यह विमान शाहजाह दोपहर 2:15 बजे पहुंचेगा। शारजाह से 177 भारतीयों को लेकर विमान आई आइएक्स-0184 दोपहर को रवाना होगा और लखनऊ रात 8:50 पर उतरेगा।
लखनऊ में सभी की जांच की जाएगी। इसके बाद बसों से उनको गंतव्य की ओर रवाना किया जाएगा। लखनऊ से यह खाली विमान रात 9:40 बजे वापस दिल्ली रवाना हो जाएगा।
कल आएगा कार्गो विमान
जरूरी सामान की जल्द डिलीवरी के लिए इंडिगो एयरलाइन अपनी कार्गो विमान रविवार को लखनऊ भेजेगा। सुबह 11 बजे 6ई-9004 लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरेगा। वहीं, शाम पांच बजे यह विमान लखनऊ से दिल्ली रवाना होगा।