समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की चुनाव आयोग को सलाह, बोले- बनाए रखें अपनी विश्वसनीयता
Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव ने वर्षा के कारण गोरखपुर सहित अन्य जिलों में जलभराव को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव
HighLights
सपा अध्यक्ष ने खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को किया सम्मानित
सपा की सरकार आने पर खेल का बजट बढ़ाने का वादा
राज्य ब्यूरो, लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को सलाह दी है। रविवार को लखनऊ में पार्टी के राज्य मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में सपा मुखिया ने चुनाव आयोग से विश्वसनीयता बनाए रखने की अपील की है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव में हुई धांधली को लेकर बंगाल व बिहार में दोबारा विधानसभा चुनाव कराने की मांग भी की है। इसके साथ ही कहा कि भाजपा वोटों का घोटाला कर रही है। इसके बाद भी आगामी विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है।
पार्टी मुख्यालय में रविवार को अखिलेश यादव ने पत्रकारों से कहा कि समाजवादी पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र में 27 हजार और मतदाताओं को अपने साथ जोड़ेगी। इसके लिए अभियान शुरू कर दिया गया है।
अखिलेश यादव ने वर्षा के कारण गोरखपुर सहित अन्य जिलों में जलभराव को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री अपने जिले का विकास नहीं करा सकता है, वह राज्य का विकास कैसे कराएगा।
सपा अध्यक्ष ने एक वीडियो जारी करके कहा कि गोरखपुर के इस वीडियो में भाजपा सांसद रवि किशन जलभराव के बीच में घूम रहे हैं। गोरखपुर स्पेन की जगह वेनिस जैसा बन गया है। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे पर पानी भरने को लेकर मुख्यमंत्री का एक वीडियो भी दिखाया। इस वीडियो में एक परिवार कार के अंदर फंसा हुआ है और पीछे नाव में मुख्यमंत्री सहित अन्य नेता हैं।
इससे पहले उन्होंने समाजवादी पार्टी के खेल विभाग की बैठक की। बैठक के बाद विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने पर खेल के बजट को बढ़ाया जाएगा। गांव, ब्लाक, तहसील, जिला व मंडल स्तर पर खेल सुविधाओं में बढ़ोत्तरी की जाएगी। सैफई में ग्रामीण गेम्स कराए जाएंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि खेल में किसी प्रकार का खेल नहीं होने देंगे। खेल पुरस्कारों की सम्मान राशि बढ़ाई जाएगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की बात कही। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन गांवों को बीजेपी ने गोद लिया, उन्हें अनाथ छोड़ दिया गया। गोरखपुर को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि अगर सैफई से प्रेरणा ली जाती तो गोरखपुर एक मॉडल बनता। वहीं, गोरखपुर में जलभराव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जहां मेट्रो चलनी थी, वहां नाव चल रही है।
30 सितंबर को होने वाली आइएनडीआइए गठबंधन की बैठक में उन्होंने शामिल होने से इनकार किया। उन्होंने कहा वह किसी खास काम में व्यवस्त हैं, इसलिए पार्टी के वरिष्ठ नेता इस बैठक में शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें- रामगोविन्द चौधरी की आखिरी इच्छा 'अखिलेश बनें मुख्यमंत्री', अस्पताल में कही बात हो रही वायरल
यह भी पढ़ें- शिवपाल यादव का भाजपा पर हमला, बोले- झूठे वादों से जनता परेशान, सपा सरकार में सुधरेंगे हालात
