शिवपाल यादव का भाजपा पर हमला, बोले- झूठे वादों से जनता परेशान, सपा सरकार में सुधरेंगे हालात
शिवपाल सिंह यादव ने इटावा में भाजपा सरकार पर झूठे वादों, बिजली संकट और बेरोजगारी को लेकर निशाना साधा।
-1765380515912-1790416193322_m.webp)
शिवपाल सिंह यादव
HighLights
भाजपा सरकार पर झूठे वादों और हर वर्ग को परेशान करने का आरोप।
बिजली संकट, किसानों की समस्या और बेरोजगारी पर सरकार की आलोचना की।
सपा सरकार बनने पर व्यवस्थाएं सुधरेंगी, विकास कार्यों को मिलेगी गति।
संवाद सहयोगी, इटावा। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार शाम ग्राम कैस्त में हाईवे किनारे स्थित ब्रिज मिठास एवं रेस्टोरेंट के उद्घाटन कार्यक्रम में भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में हर वर्ग का नागरिक परेशान है। भाजपा ने झूठे वादों के सहारे सत्ता में आने का प्रयास किया है, लेकिन जनता अब सब कुछ समझ चुकी है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
शिवपाल ने बिजली संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार ने 22 से 24 घंटे बिजली देने का वादा किया था, लेकिन नगरीय क्षेत्रों में केवल 12 से 14 घंटे ही आपूर्ति हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी चार से पांच घंटे बिजली मिल रही है, जिससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि बिजली के बिल बढ़ने के साथ ही गरीब परिवारों का उत्पीड़न भी हो रहा है। नहरों में सिंचाई के लिए पानी की कमी और ट्यूबवेल की समस्या से किसान परेशान हैं।
बेरोजगारी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे पर भी उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि समय आने पर इसका जवाब दिया जाएगा।
शिवपाल ने विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी की सरकार जल्द ही बनेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और विकास कार्यों को गति देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर डॉ. ब्रजेश यादव, राहुल गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि अनुज मोंटी यादव, विश्वनाथ सोनू यादव , अजेंद्र गौर,अनिल प्रताप, सुभाष गुप्ता,सांसद प्रतिनिधि हाजी शमीम खां,जिंतेंद्र मोना यादव, गोपाल गुप्ता,कार्यक्रम संयोजक आलोक उर्फ अभिषेक गांगलस ने सभी का आभार प्रकट किया।
