उत्तर प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर राज्यपाल से मिला प्रसपा का दल
प्रसपा ने चौपट कानून व्यवस्था , असुरक्षित बेटियां , महंगाई रोकने में विफलता, भ्रष्टाचार की अति, कर्ज में डूबा किसान, गंभीर होती बेरोजगारी की समस्या उठाई।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था लेकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने शुक्रवार को राज्यपाल राम नाईक से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन देकर आम जनता की समस्याओं का संज्ञान लेने का अनुरोध किया। प्रसपा के प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व महासचिव आदित्य यादव ने किया। राज्यपाल से आदित्य ने कहा कि किसानों की संपूर्ण कर्ज माफी, सम्पूर्ण गन्ना मूल्य का भुगतान, प्रदेश में व्याप्त गुंडाराज, हत्या, लूट, पटरी दुकानदारों, आटो-टैंपो व ई-रिक्शा, की समस्याओं के समाधान के प्रति सरकार गंभीर नहीं है।
राज्यपाल ने दिया आश्वासन
राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि सभी मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुंदरलाल लोधी, वरिष्ठ नेता भगवती सिंह, पूर्व मंत्री शारदा प्रताप शुक्ला, पार्टी महासचिव राम नरेश यादव, मुख्य प्रवक्ता सीपी राय, रघुनंदन सिंह काका, राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपक मिश्रा, नितिन कोहली आदि शामिल रहे।
सरकार महंगाई रोकने में असफल
राज्यपाल से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में महासचिव आदित्य यादव ने कहा कि सरकार को किसानों की बुनियादी जरूरतों पर ध्यान देना चाहिए। सरकार महंगाई रोकने में असफल है। भ्रष्टाचार चरम पर है, किसान कर्ज में डूबा जा रहा है। बेरोजगारी की समस्या गंभीर होती जा रही है।