Holi पर रोडवेज का यात्रियों को तोहफा, दिल्ली से लखनऊ के बीच चलेंगी 31 सेवाएं
16 से 20 मार्च के बीच 31 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा जिससे यात्रियों का सफर आसान हो।
लखनऊ, जेएनएन। होली के दौरान दिल्ली और लखनऊ रूट पर टेनों की सीटें फुल हो गई हैं। ऐसे में रोडवेज ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। दिल्ली के आनंद विहार और कौशांबी बस अड्डे से दिल्ली के लिए कई सेवाएं चलाई जाएंगी। 16 से 20 मार्च के बीच 31 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे यात्रियों का सफर आसान हो। लखनऊ से अलग-अलग रूट के लिए बसें चलाई जाएंगी।
दिल्ली से लखनऊ रूट पर आठ वॉल्वो बसों के अलावा आठ जनरथ व कई शताब्दी बसें चलेंगी। 15 साधारण बसों का भी संचालन होगा। लग्जरी बसें यात्रियों को आनन्द विहार बस टर्मिनल से लखनऊ तक लाएंगी। साधारण बसों का संचालन कौशाम्बी बस स्टेशन से होगा। गाजियाबाद रीजन के आरएम एके सिंह के मुताबिक, लग्जरी बसों में सीटों के लिए अग्रिम आरक्षण की सुविधा शुरू कर दी गई है। दिल्ली से लखनऊ जाने वाले यात्री परिवहन निगम की वेबसाइट अथवा बस अड्डे के किसी भी टिकट काउंटर से सीटों की बुकिंग करा सकते है।
हेल्पलाइन नंबर पर करें फोन
16 से 20 मार्च के बीच बसों सेवाओं की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। यात्री आनंद विहार बस टर्मिनल से संचालित होने वाली बसों के बारे में 7290042649 पर जानकारी ले सकते हैं।