Move to Jagran APP

मूर्ति विसर्जन के दौरान आगरा, सुल्तानपुर और कौशांबी में जबर्दस्त बवाल

आगरा, सुल्तानपुर और कौशांबी में प्रतिमा विसर्जन यात्रा में जबरदस्त बवाल हुआ। इस दौरान मारपीट, तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी से कम से कम दो दर्जन लोग घायल हो गए।

By Nawal MishraEdited By: Published: Fri, 19 Oct 2018 06:46 PM (IST)Updated: Sat, 20 Oct 2018 07:16 AM (IST)
मूर्ति विसर्जन के दौरान आगरा, सुल्तानपुर और कौशांबी में जबर्दस्त बवाल

लखनऊ (जेएनएन)। सुल्तानपुर, आगरा और कौशांबी में प्रतिमा विसर्जन यात्रा में जबरदस्त बवाल हुआ। इस दौरान मारपीट, तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी से कम से कम दो दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हालात संभालने की कोशिश की लेकिन देर रात तक तनाव के हालात बने रहे। विसर्जन जुलूस में गोली चलने, डूबने और मारपीट की घटनाओं में भी कई लोग चोट खा गए हैं। एक महिला को गोली लगी और दो बच्चों की मौत हो गई। 

loksabha election banner

सुल्तानपुर में तोड़फोड़ आगजनी

सुल्तानपुर के कूरेभार में मूर्ति विसर्जन को लेकर दो पक्षों में भिड़ंत के बाद माहौल अचानक बिगड़ गया। दोनों पक्षों से एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अराजक लोगों ने कूरेभार की कई दुकानों में लूटपाट व घरों में आगजनी को अंजाम दिया। बवाल काफी हद तक बढ़ने के बावजूद देर तक पुलिस मौके से नदारद रही। बाद में काफी देर के अंतराल से कूरेभार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। हालात नहीं सम्भलने  पर दो अन्य थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभालना शुरू किया। अभी भी मौके पर भारी भारी भीड़ व पुलिस बल जमा है। एडिशनल एसपी भी हालात का जायजा लेने पहुंच रही हैं। मूर्ति विसर्जन में पहले मैं को लेकर  कहासुनी के बाद बवाल होने की सूचना मिल रही है।

मूर्ति विसर्जन में मारपीट

कौशांबी के नारा गांव में दुर्गा प्रतिमा की विसर्जन शोभायात्रा के दौरान पक्षों में विवाद हो गया। बात बढ़ी तो दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडा से एक-दूसरे पर टूट पड़े। इस विवाद में दर्जनभर से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि कई अन्य को चोटें आई हैं। दरअसल विसर्जन यात्रा मार्ग पर ढोल-तासे की थाप पर नाचते-गाते अबीर और गुलाल उड़ाते भक्त चले जा रहे थे। रास्ते में मस्जिद की दीवार पर कुछ युवकों ने अबीर, गुलाल फेंक दी। दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया। इसी को लेकर विवाद, मारपीट और पथराव में मुन्ना और जुनैद समेत तीन जख्मी हुए, जबकि दोनों पक्षों से कई अन्य को भी चोटें आई। 

भरवारी में तनाव की स्थिति 

विधायक ने इसकी जानकारी एसपी प्रदीप गुप्ता को दी तो वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक दोनों पक्षों के घायल हो चुके। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल विवाद के चलते भरवारी में तनाव की स्थिति है। वहां पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इससे पहले प्रतिमा विसर्जन के दौरान मंझनपुर थाना क्षेत्र के नारा गांव में विवाद हो चुका है। पुलिस ने एक पक्ष से तहरीर ली है, इससे आक्रोशित विसर्जन यात्रा को रोककर लोगों ने मार्ग पर जाम लगाया। मंझनपुर के सीओ ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। 

बागपत में छेड़छाड़ को लेकर बवाल

बागपतः बड़ौत के दिगंबर जैन कालेज के मैदान में रावण दहन के बाद संप्रदाय विशेष के दो युवकों ने एक महिला से छेड़छाड़ कर दी। इसको लेकर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। आरोपितों ने मौके पर पहुंची पुलिस से भी हाथापाई कर मारपीट की। दोनों आरोपितों को हिरासत में लिया गया है।  प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रावण दहन के बाद जब लोग वापस लौट रहे थे तो इसी दौरान एक महिला ने दो युवकों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। महिला के साथ आए युवकों और आरोपितों में पहले कहासुनी और बार में गाली-गलौज शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इससे अफरातफरी मच गई। 

प्रतिमा विसर्जन में गोली लगी

प्रतापगढ़ के विक्रमपुर गांव से माँ दुर्गा देवी की मूर्ति विसर्जन करने ग्रामीण शुक्रवार को दोपहर मोहनगंज के पास देवघाट जा रहे थे। बच्चे, युवा और महिलाएं भक्ति गीतों पर थिरक रहे थे। इसी दौरान की गई फायरिंग से अनीता सिंह(35) पत्नी सूबेदार सिंह को गोली लग गई। फौरन घायल अनीता को जिला अस्पताल लाया गया। यहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया गया। प्रधान हर्ष फायरिंग में गोली लगने की सम्भावना जता रहे हैं।

आगरा में दो गुट टकराए

आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के नगला आशा में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के लिए शोभायात्रा को लेकर जाते समय दो पक्षों में पहले निकलने को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद फाउंड्री नगर से खंदौली में यमुना में मूर्ति विसर्जित करने जा रहे दोनों पक्षों के बीच थे। विवाद और मारपीट की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों पक्ष वहा से भाग निकले।

जौनपुर में मासूम की मौत

जौनपुर के कुसा गांव में प्रतिमा विर्सजन के दौरान ट्रैक्टर से दबकर सात साल की बच्ची की मौत हो गई। कुसा गांव के धोबी बस्ती के लोग वरूणा नदी में मां दुर्गा की प्रतिमा को विसर्जित कर ट्रैक्टर से लौट रहे थे। दूसरी ओर से भी बस्ती के लोग प्रतिमा को ट्रैक्टर से ले जा रहे थे। इसी दौरान दोनों ट्रैक्टर पास ले रहे थे कि एक ट्रैक्टर की चपेट में तेज बहादुर की सात साल की पुत्री साधना चपेट में आ गई। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

तालाब में डुबने से मौत

प्रयागराज के अन्दावा में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए तालाब बनाया गया है। शुक्रवार को विसर्जन किया जा रहा था, तभी एक बालक उसमें गिर गया। पुलिस ने उसे बाहर निकाल लिया। दरोगा अरविंद कुशवाहा ने बताया कि 11 वर्षीय बालक जगबन्धनपुर गांव का है। बालक को बाहर निकालकर छोड़ दिया गया। प्रतापगढ़ के कुटिलिया गांव निवासी नरसिंह प्रसाद मिश्र का 15वर्षीय पुत्र लोकेश गांव से माँ दुर्गा का प्रतिमा विर्सजन करने खुइलन देवी धाम तालाब में गया था। वहाँ प्रतिमा विसर्जन करते समय लोकेश तालाब के गहरे पानी में चला गया और डुबने से उसकी मौत हो गई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.