Move to Jagran APP

UP Politics: पदयात्रा निकालने से पहले ही पार्टी कार्यालय पर गिरफ्तार हुए आप कार्यकर्ता, पुलिस से हुई तीखी नोंक-झोंक

UP Politics व्यापारियों की समस्याओं को लेकर पदयात्रा निकालने जा रहे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रदेश कार्यालय के गेट पर ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार चंद पूंजीपतियों के लिए ही योजनाएं बना रही है। छोटे व्यापारी बर्बाद हो रहे हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Fri, 23 Sep 2022 09:25 PM (IST)Updated: Fri, 23 Sep 2022 09:25 PM (IST)
UP News: पुलिस ने आप के प्रदेश कार्यालय पर की घेराबंदी, इको गार्डेन में छोड़ा।

UP News: लखनऊ, राज्य ब्यूरो। उत्तर प्रदेश में व्यापारियों की समस्याओं को लेकर पदयात्रा निकालने जा रहे आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं को प्रदेश कार्यालय के गेट पर ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया। कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई। नारेबाजी कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ईको गार्डेन स्थित धरना स्थल लेकर आई और यहां उन्हें छोड़ दिया गया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और सरकार पर दमन करने का आरोप लगाया।

loksabha election banner

आम आदमी पार्टी के व्यापार प्रकोष्ठ द्वारा व्यापारियों की समस्याओं को लेकर निकाली जा रही पदयात्रा को राजधानी स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर ही पुलिस द्वारा बलपूर्वक रोक लिया गया। व्यापार प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डा. छवि यादव सहित तमाम कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उन्हें ईको गार्डन लाया गया।

आप कार्यकर्ताओं ने सरकार पर दमन करने का आरोप लगाते हुए जोरदार ढंग से नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि देश में व्यापारियों के लिए दोहरी नीति अपनाई जा रही है। कुछ बड़े व्यवसायियों को फायदा दिलाने के लिए सारे नियम कानून ताक पर रखकर जा रहे हैं और छोटे व्यापारियों को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।

आम आदमी पार्टी के व्यापार प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डा. छवि यादव ने कहा कि केंद्र सरकार चंद पूंजीपतियों के लिए ही योजनाएं बना रही है। छोटे व्यापारी बर्बाद हो रहे हैं। बड़े पूंजीपतियों का 10 लाख करोड़ रुपये तक का कर्जा माफ कर दिया गया। नोटबंदी, जीएसटी और कोरोना महामारी के कारण व्यापार चौपट हो गया है।

व्यापारियों के हितों को लेकर आप आंदोलन करेगी, चाहे सरकार जितना भी उत्पीड़न क्यों न कर ले। छोटे व्यापारियों के हितों के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने के लिए आप मजबूर करेगी। प्रदर्शकारियों में मधुर सेठ, पंकज शर्मा, एसके जायसवाल व डा. राम लखन चौरसिया आदि मौजूद रहे।

नगर निकाय चुनाव लड़ना है तो बताना होगा संपत्ति का ब्योरा

आम आदमी पार्टी ने नगर निकाय चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों के लिए आवेदन फार्म शुक्रवार को जारी कर दिया। 100 रुपये कीमत वाले इस आवेदन फार्म में व्यक्ति को अपनी आय का साधन व अचल संपत्ति का विवरण भी देना होगा। अगर उसके परिवार का कोई व्यक्ति अन्य राजनीतिक दल का सदस्य है तो यह भी बताना होगा। चुनाव जीतने की रणनीति के साथ-साथ चुनाव पर कितना खर्च होगा और क्या उस खर्चे को वह वहन कर सकता है यह भी लिखना होगा। पार्टी ने चुनाव की तैयारी तेज कर दी है।

राजधानी स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आप के यूपी प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चुनाव लड़ने के इच्छुक व्यक्ति को वार्ड के प्रत्येक मोहल्ले के 10 आप समर्थकों के नाम व नंबर और वार्ड के प्रत्येक बूथ पर 10 आप कार्यकर्ताओं के नाम पर नंबर लिखना होगा। यही नहीं कोई आपराधिक रिकार्ड तो नहीं है, इसकी भी जानकारी देनी होगी। महापौर, अध्यक्ष, पार्षद व सभासद का चुनाव लड़ने के लिए आवेदन करने वालों का जिलों में सत्यापन कराया जाएगा। राज्य स्तर पर गठित चुनाव समिति द्वारा प्रत्याशियों की स्क्रीनिंग की जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.