उत्तर प्रदेश में करोड़ों के मुनाफे में नशे के सौदागरों का नेटवर्क, असेंबल की जा रहीं ड्रग फैक्ट्रियां
Illegal Drug Factroies in UP: प्रदेश में बीते एक वर्ष में सामने आईं कई बड़ी कार्रवाइयों ने ड्रग माफिया के कारोबार का नया तरीका भी सामने आ गया है।

सामान्य कारोबार की आड़ में नशे की अवैध फैक्ट्री
HighLights
कृषि फार्म, एकांत इलाके और बंद कारखाने बन रहे नशे के नए ठिकाने, कुछ दिन उत्पादन के बाद बदल रहे स्थान
दक्षिण भारत के साथ गुजरात और मध्य प्रदेश में भी डिमांड, एक करोड़ लागत से पांच करोड़ अवैध खेल
आदित्य तिवारी, लखनऊ। आपके गांव के किसी एकांत हिस्से या फिर किसी कृषि फार्म या लंबे समय से बंद पड़ी फैक्ट्री में अचानक गतिविधियां बढ़ने लगें तो सतर्क हो जाइए। सामान्य कारोबार की आड़ में नशे की अवैध फैक्ट्री भी तैयार की जा सकती है।
अवैध सिंथेटिक ड्रग्स (जैसे MD/मेफेड्रोन) और नकली दवाएं बनाने की अस्थायी व गुप्त फैक्ट्रियों का तेजी से खुलासा हो रहा है। तस्कर दूरदराज के इलाकों, खेतों के शेड, बेसमेंट या वैध कारोबार की आड़ में उपकरण और रसायन जुटाकर इन्हें तैयार कर रहे हैं।
प्रदेश में बीते एक वर्ष में सामने आईं कई बड़ी कार्रवाइयों ने ड्रग माफिया के कारोबार का नया तरीका भी सामने आ गया है। प्रदेश में अब तस्कर स्थायी फैक्ट्रियां स्थापित करने के बजाय अलग-अलग स्थानों पर मशीनें और उपकरण जुटाकर ड्रग लैब असेंबल कर रहे हैं। कम समय में सिंथेटिक ड्रग तैयार कर सप्लाई करने के बाद मशीनें समेटकर दूसरा ठिकाना पकड़ लेते हैं।
जांच में यह बात सामने आई कि ठिकाने और चेहरे बदल रहे हैं, लेकिन कारोबार की कमान पुराने माफिया सरगनाओं के हाथ में होने का संदेह है। इसमें गुजरात, मध्य प्रदेश से लेकर दक्षिण भारत तक फैले संपर्कों को जोड़कर पूरे आर्थिक और आपराधिक सिंडिकेट तक पहुंचने की कोशिश हो रही है।
एजेंसियों के आंकलन के अनुसार, एक ड्रग फैक्ट्री तैयार करने में करीब एक करोड़ रुपये तक आ रहा, जबकि उत्पादन और सप्लाई के पूरे चक्र से पांच करोड़ रुपये तक का मुनाफा मिलने की संभावना रहती है। यही वजह है कि कम समय में अधिक कमाई के लालच में नए लोग भी इस अवैध कारोबार से जुड़ रहे हैं। जांच एजेंसियां अब निवेश करने वालों, तकनीकी विशेषज्ञों, रसायन उपलब्ध कराने वालों और तैयार माल की सप्लाई संभालने वालों की भूमिका खंगाल रही हैं।
बीती 18 मार्च को गुजरात एटीएस और उत्तर प्रदेश पुलिस ने अंबेडकरनगर के रामनगर कराई गांव में पोल्ट्री फार्म पर चल रही मेफेड्रोन (एमडी) की लैब पकड़ी थी। यहां छह किलोग्राम तैयार एमडी, 50 किलोग्राम लिक्विड एमडी, 88 किलोग्राम प्रीकर्सर और करीब 200 किलोग्राम अन्य रसायन मिले थे।
31 जुलाई को सीबीएन ने बाराबंकी के हैदरगढ़ के भिलवल में 342 ग्राम संदिग्ध मार्फिन, 53 ग्राम एमडी और 300 ग्राम संदिग्ध सफेद पाउडर पकड़ा था। 21 अगस्त को आपरेशन ब्लैक हाक में लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे के पास दो वाहनों से 18.64 किलोग्राम कच्ची हेरोइन बरामद की गई थी।
नौ-दस अगस्त को डीआरआइ ने गौतमबुद्धनगर के जेवर में आवासीय परिसर से ड्रग लैब पकड़ी। यहां करीब 30 किलोग्राम एम्फेटामाइन व मध्यवर्ती पदार्थ और 30 किलोग्राम प्रीकर्सर रसायन मिले। अक्टूबर में लखनऊ और बरेली में भी तीन ठिकानों पर कार्रवाई हुई।
डीआरआई (DRI) और यूपी एटीएस (UP ATS) ने जालौन के एरी रामपुरा गांव में गुलाब जल फैक्ट्री की आड़ में चल रही सिंथेटिक ड्रग लैब का भंडाफोड़ किया। यहां से 1100 किलो से अधिक ड्रग्स और केमिकल जब्त किए गए। कानपुर में छह करोड़ रुपये की MD ड्रग्स के साथ पकड़े गए तस्करों के तार भी इसी नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं।
नारकोटिक्स विभाग की कार्रवाई में मऊ के ताजोपुर औद्योगिक क्षेत्र में अवैध MD ड्रग्स फैक्ट्री पकड़ी गई, जहां से 11 किलो से ज्यादा MD ड्रग्स, प्रकर्स केमिकल और मशीनें बरामद हुईं। वाराणसी में संदिग्ध दवाएं मिलने के बाद यूपी एसटीएफ (STF) ने हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ में अवैध दवा फैक्ट्री पर छापा मारा, जहां नामी कंपनियों की पैकिंग में नकली दवाएं बनाई जा रही थीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।