इटावा सफारी में शेरनी ने जन्मा शावक, बच्चा स्वस्थ, शेरनी पिला रही दूध
जेसिका के शावक के जन्म देने पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा है कि जिस उम्मीद से उन्होंने सफारी बनाई थी, वो कामयाब हो रही है।
इटावा (जेएनएन)। इटावा सफारी पार्क में सोमवार दोपहर बाद उस समय खुशी की लहर दौड़ गईं जब शेरनी जेसिका ने एक शावक को जन्म दिया। शावक पूर्ण रूप से स्वस्थ है और शेरनी उसे दूध भी पिला रही है। सफारी पार्क के अधिकारी सीसीटीवी कैमरे से शेरनी पर लगातार नजर रखे हैं। फिलहाल शेरनी के पास किसी को जाने की इजाजत नहीं है।
शेरनी जेसिका अपने बाड़े के बनाए गए विशेष कक्ष में रविवार को ही चली गई थी। सोमवार दोपहर 2.55 बजे उसने शावक को जन्म दिया। हालांकि सफारी प्रशासन देर रात तक दूसरे शावक के भी जन्म की उम्मीद कर रहा था। जेसिका के शावक के जन्म देने पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा है कि जिस उम्मीद से उन्होंने सफारी बनाई थी, वो कामयाब हो रही है।
अब यह जिम्मेदारी वर्तमान भाजपा सरकार की है कि वो इन नन्हें-मुन्ने मेहमानों को बिना खौफ के आगे बढऩे का मौका दें और खुलकर दहाडऩे का भी। इससे पहले वन विभाग ने शेरनी के प्रसव को लेकर गुजरात के डॉ.एचएस फुहा, कानपुर चिडिय़ाघर के डॉ.आरके सिंह को भी बुला लिया था।
उनकी निगरानी में शेरनी का प्रसव हुआ है वहीं लखनऊ चिडिय़ाघर के डा. उत्कर्ष शुक्ला से भी लगातार संवाद किया जा रहा था। बताते चलें कि शेरनी जेसिका ने इससे पूर्व दो शावकों को पांच व छह अक्टूबर 2016 को जन्म दिया था। अब यह शावक संबा व सुल्तान करीब 15 माह के हो चुके हैं।