Move to Jagran APP

योगी के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने देश के 77 फीसद लोगों को बताया भ्रष्टाचारी

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर के मुताबिक देश के 77 फीसद लोग भ्रष्ट हैं। उनके खून में भ्रष्टाचार रचा बसा है।

By Nawal MishraEdited By: Published: Thu, 24 May 2018 06:08 PM (IST)Updated: Fri, 25 May 2018 07:41 AM (IST)
योगी के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने देश के 77 फीसद लोगों को बताया भ्रष्टाचारी

सम्भल (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर के मुताबिक देश के 77 फीसद लोग भ्रष्ट हैं। उनके खून में भ्रष्टाचार रचा बसा है। ऐसा कुछ दिनों से नहीं करीब सत्तर साल से है। उन्होंने इससे बचाव के लिए लोगों से अपने बच्चों को स्कूल अवश्य भेजने और बेहतर शिक्षा दिलाने की अपील की और बोले बच्चा जब पढ़ेगा तभी आगे बढ़ेगा। देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राजभर ने कहा कि देश में 130 करोड़ की आबादी में 100 करोड़ ऐसे लोग हैं जिनके ब्लड में भ्रष्टाचार है। उसको क्लीन करने में समय लगेगा। 70 साल की बीमारी इतनी जल्दी कैसे ठीक हो सकती है। हमे सात साल का मौका तो दिया जाए तो कुछ हो सकता है। वह गुरुवार को दिव्यांगजनों को कृत्रिम उपकरण बांटने के बाद प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियां गिना रहे थे।

loksabha election banner

मुरादाबाद में भाजपा विधायकों के लिए किया आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग

अपने विवादित बयानों से चर्चा में रहने वाले प्रदेश सरकार में पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांग सशक्तीकरण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने गुरुवार को भाजपा विधायकों के लिए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। कहा कि दलितों, पिछड़ों एवं अल्पसंख्यकों की लड़ाई के लिए वह अपनी मंजिल की तरफ निकल पड़े हैं। इस दौरान उनकी जुबान कई बार फिसली। उन्होंने कहा कि तमाम कुत्ते भौंकते रहते हैं और भौंकते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि जल्द ही वह 27 फीसद आरक्षण में विभाजन कराएंगे। वे सम्भल के बहजोई में दिव्यांगजनों को कृत्रिम उपकरण एवं ट्राईसाइकिल वितरण समारोह में शामिल हुए। रेलवे स्टेशन पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में अपने काम करने का तरीका बताया। भाजपा के बलिया से विधायक सुरेंद्र सिंह द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी (ओम प्रकाश राजभर राजनीतिक के सौदागर) पर मंत्री राजभर ने पलटवार ही नहीं किया, उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। सरकार के पक्ष में अपने समर्थन पर कहा कि सुहेल देव पार्टी 2024 तक भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों इसलिए परेशानी हो रही है, क्योंकि अभी 20 मई को शराब बंदी को लेकर 36 हजार महिलाओं ने बलिया में एक बड़े आंदोलन की शुरुआत की है। भारतीय समाज पार्टी से जुड़ी महिलाओं ने बीड़ा उठाया है कि शराब बंदी कराकर रहेंगे।

भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं 

पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण मंत्री ने सभी को संबोधित करते प्रदेश में भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि जितना कार्य मैंने किया शायद ही किसी मंत्री ने अपने विभाग में किया होगा। सभी जिलों में जाकर दिव्यांगजनों को खुद ही कृत्रिम अंग वितरित करता हूं। 75 जिलों में से 71 जिलों में जाकर कार्य किया है। आज दिव्यांगजनों को  500 रुपये की पेंशन  दी जा रही है। वहीं रोडवेज बस में सफर करने के लिए किराया नहीं देना होगा। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। हम चाहते हैं कि दिव्यांगजन कहीं भी किसी भी जगह बिना किराया दिए आ-जा सके। आह्वान करते हुए कहा किसी दिव्यांगजन को कोई समस्या है तो वह पोस्टकार्ड पर लिखकर भेज दें उसकी समस्या का तत्काल समाधान किया जाएगा।

कांग्रेस-जेडीएस एकजुटता दगे कारतूस का ढेर

पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस व जेडीएस की एकजुटता पर कहा कि यह दगे कारतूस एकत्रित हुए हैं। 2017 के चुनाव में एसपी, बीएसपी, कांग्रेस के एमएलए जोड़ लिए जाएं तो सभी को पता चल जाएगा कि जनता किसके साथ है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि आज विपक्ष अपना सही रोल नहीं अदा कर रहा है। वह विकास की बात ना करके अन्य बातों को लेकर लड़ रहा है। विपक्ष को चाहिए वह अपना रोल सही अदा करें।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.