यूपी में 68500 शिक्षक भर्ती मामले को लेकर अभ्यर्थियों ने उठाया आरक्षण का मुद्दा, केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात
68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने आरक्षण से जुड़ी विसंगतियों को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से मुलाकात की। उन्होंने समस्या के समाधान की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के सामने मामला रखने का दिया भरोसा।
HighLights
68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगतियों का मुद्दा उठाया गया।
अभ्यर्थियों ने केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से मुलाकात की।
मंत्री ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से बात का आश्वासन दिया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से मुलाकात कर भर्ती में आरक्षण से जुड़ी विसंगतियों का मामला उठाया। अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग करते हुए केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
अभ्यर्थियों के मुताबिक, 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण से जुड़ी विसंगतियों को लेकर वे लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने मामले में अभ्यर्थियों के हित में स्पष्ट संस्तुति/आदेश जारी किया है, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी उसका प्रभावी अनुपालन नहीं हुआ है।
आंदोलनकारियों के अनुसार, आयोग की संस्तुति में अन्य पिछड़ा वर्ग के उन अभ्यर्थियों को उत्तीर्ण मानते हुए नियमानुसार नियुक्ति देने की बात कही गई है, जिन्होंने 150 में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
अभ्यर्थियों का दावा है कि संस्तुति के अनुपालन से ओबीसी के साथ ही दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित वर्ग के पात्र अभ्यर्थियों को भी लाभ मिल सकता है। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
आश्वासन दिया कि वह मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से मुलाकात कर इस विषय को उनके सामने रखेंगी। साथ ही अभ्यर्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही।
यह भी पढ़ें- बस्ती में डिजिटल लाइब्रेरी का हुआ शुभारंभ, बच्चों को मिलेगा अध्ययन का बेहतर माहौल
