68500 सहायक शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने घेरा डिप्टी CM केशव मौर्य का आवास, नियुक्ति की मांग को लेकर की नारेबाजी
68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास का घेराव कर नियुक्ति की मांग की।
-1789230826648_m.webp)
68,500 सहायक शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने घेरा डिप्टी CM का आवास।
HighLights
68500 सहायक शिक्षक अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम केशव मौर्य का आवास घेरा।
अभ्यर्थियों ने नियुक्ति और आरक्षण विसंगतियों को दूर करने की मांग की।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया, इस दौरान धक्का-मुक्की और नारे लगे।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने शनिवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास का घेराव किया। अभ्यर्थियों ने नियुक्ति की मांग को लेकर करीब आधे घंटे तक नारेबाजी की और भर्ती प्रक्रिया में कथित आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर करने की आवाज उठाई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया तो धक्का-मुक्की हो गई।
प्रदर्शन में शामिल तूफान सिंह ने बताया कि 10 सितंबर को माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी व बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से मुलाकात हुई थी। मंत्रियों और अधिकारियों के सामने भर्ती से जुड़े आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा हुई और अधिकारियों ने विसंगतियों को स्वीकार किया।
इसके बाद भी दिक्कतों को दूर करने प्रयास नहीं किया जा रहा न ही अब तक अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिली है। अभ्यर्थियों ने 'ऐसी क्या मजबूरी है-आरक्षण की चोरी है' और 'पिछड़ा आयोग ने माना है-आरक्षण घोटाला है' जैसे नारे लगाए। अभ्यर्थियों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें जबरन वहां से हटाया।
एक अन्य अभ्यर्थी ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2018 में भर्ती का विज्ञापन जारी होने के बाद आवेदन किया था। अब तक नियुक्ति नहीं मिल सकी है। भर्ती में आरक्षण से जुड़ी विसंगतियां दूर कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए।
