COVID-19 Vaccination: लखनऊ में 18 वर्ष से अधिक उम्र की 50 फीसद आबादी को लगी वैक्सीन, कुल आंकड़ा पहुंचा 23 लाख
वैक्सीनेशन के 17 अगस्त के आंकड़ों के अनुसार लखनऊ में अब तक 23 लाख 23 हज़ार 562 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। वर्ष 2021 की अनुमानित जनसंख्या लखनऊ में 53 लाख से अधिक हो चुकी है।
लखनऊ, जागरण संवाददाता। राजधानी में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण का ग्राफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। केवल राजधानी में 18 वर्ष से ज्यादा आयु के लोगों का वैक्सीनेशन का ग्राफ पचास फीसद से ज्यादा का पहुंच गया है। 17 अगस्त के आंकड़ों के अनुसार लखनऊ में अब तक 23 लाख 23 हज़ार 562 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। वर्ष 2021 की अनुमानित जनसंख्या लखनऊ में 53 लाख से अधिक हो चुकी है, जिनमें से 27 लाख 74 हजार के करीब पुरुष और 25 लाख 43 हज़ार के आसपास महिलाओं की संख्या है।
आंकड़ों के अनुसार लखनऊ में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की आबादी 40 लाख के करीब है। यानी कि अन्य 13 लाख लोग 18 वर्ष से कम उम्र के हैं। इस प्रकार 40 लाख आबादी में से 23 लाख 23 हज़ार से अधिक लोगों का टीकाकरण हो गया है। इसका मतलब साफ है कि राजधानी में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 50 फीसद से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन अब तक हो चुका है। इसमें पहली और दूसरी डोज लेने वाले लोग भी शामिल हैं। करीब सवा छह लाख लोग ऐसे हैं, जिन्हें वैक्सीन की दोनों खुराक लग चुकी है। जबकि करीब 17 लाख लोगों को अभी केवल पहली खुराक मिली है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एमके सिंह ने बताया कि 17 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार 18 से 44 आयु वर्ग के 10 लाख 64 हजार लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। वहीं 60 वर्ष से अधिक उम्र के 396000 बुजुर्गों 45 से 59 आयु वर्ग के 611000 बीमारों और स्वस्थ लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इसके साथ ही 138000 से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों और 113000 फ्रंटलाइन कर्मियों को भी टीका लगाया जा चुका है। इस प्रकार फुल 23 लाख से अधिक टीकाकरण हो चुका है। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर तक 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों का वैक्सीनेशन पूरा कर लेने का लक्ष्य है।