अंदाज-ए-पीएम : राहुल न सोनिया गांधी...50 मिनट तक सिर्फ कांग्रेस पर हमले
रामचरित मानस की एक चौपाई झूठै लेना, झूठै देना, झूठै भोजन, झूठै चबैना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे कांग्रेस की पहचान के रूप में परिभाषित किया।
रसिक द्विवेदी, रायबरेली। कांग्रेस की पहचान क्या है। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट करते हुए रामचरित मानस की एक चौपाई सुनाई...झूठै लेना, झूठै देना, झूठै भोजन, झूठै चबैना। कहाकि सिर्फ झूठ बोलना ही इनका काम है। उन्होंने विकास की बातें करते हुए कई बार रेलकोच कारखाना के ठहराव को याद दिलाया।
फिर कांग्रेस से रिश्ते-नातों को जोड़ते हुए मामा, अंकल कहकर चुटकी ली। कौन मामा, कौन अंकल? यह तो स्पष्ट नहीं किया लेकिन क्वात्रोची और मिशेल का नाम लेकर इशारा साफ कर दिया। कुल 50 मिनट बोले, लेकिन उन्होंने स्थानीय सांसद सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का एक बार भी नाम नहीं लिया। सपा व बसपा पर भी एक शब्द नहीं बोले।
प्रधानमंत्री यूं तो पहली बार रायबरेली आए थे। रविवार को रेलकोच परिसर में आयोजित सभा में वे ठीक 11 बजकर 47 मिनट पर माइक पर बोलना शुरू किए और 12 बजकर 37 मिनट पर भारत माता की जय के साथ संबोधन को खत्म किया।
भाषण के दौरान वे दो मिनट के लिए मौन भी हुए, क्योंकि सामने दीर्घा में कुछ युवा कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी के नारे और भारत माता की जयकार का उद्घोष कर रहे थे। उन्होंने इसे देखा और कहा कि यहां के युवा जोशीले हैं। फिर उन्हीं से अनुमति मांगी।
पूछा क्या मैं अब बोलूं... आप इजाजत देंगे तभी बोलूंगा। इसके बाद फिर वे अपने भाषण की पटरी पर आए और कहा कि जिसने सबसे ज्यादा शासन किए उसने सबको गुमराह किया। किसी को नहीं छोड़ा। देश की सुरक्षा के बाबत भी उनके यहां सवाल उठते हैं।
उन्होंने यह बताया कि 2014 के बाद 50 हजार बुलेट प्रूफ जाकेट जवानों में बांटी गई है। एक लाख यहीं की कंपनी बना रही है। उन्होंने राहुल- सोनिया गांधी का नाम छोडि़ए मां-बेटे तक का जिक्र नहीं किया। हालांकि वे विकास के मुद्दे को, 1971 के युद्ध की बात को और फिर देश सुरक्षा से जुड़े हर मामले में कांग्रेस को घसीटते रहे, लेकिन उनके नेताओं का नाम नहीं लिया।