UPSRTC Update: ट्रेन न मिले तो रोडवेज बसों का है विकल्प, 25 मार्च से लखनऊ से चलेंगी 310 होली स्पेशल बसें
लखनऊ में रोडवेज की लग्जरी सेवाओं के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। जिन लोगों को ट्रेनों में घर वापसी के लिए बर्थ या सीट नहीं मिल पाई है वे निराश न हों। परिवहन निगम की होली विशेष सेवाओं में जगह है। 25 से चलेंगी 310 होली स्पेशल बसें।
लखनऊ, जेएनएन। रोडवेज की लग्जरी सेवाओं के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। जिन लोगों को ट्रेनों में घर वापसी के लिए बर्थ या सीट नहीं मिल पाई है वे निराश न हों। परिवहन निगम की होली विशेष सेवाओं में जगह है। यात्री होलिकोत्सव पर्व के लिए ऑनलाइन बुकिंग करा अपनी सीट सुरक्षित करा सकते हैं।
आलमबाग से 52 एसी सेवाएं
एआरएम डीके गर्ग ने बताया कि आलमबाग से यात्रियों को सहूलियतें उपलब्ध कराने के लिए तकरीबन 52 एसी बसें चलाई जाएंगी। टर्मिनल से 17 शताब्दी, 29 लग्जरी सिगमेंट की गाड़ियां हैं। इनमें वॉल्वो-स्कैनिया गाड़ियां भी हैं।
छह स्लीपर कोच
परिवहन निगम प्रबंधन अपने छह स्लीपर कोच भी होली में पूरी तैयारी के साथ उतारने का फैसला किया है। जो यात्री बर्थ में आराम से यात्रा करना चाहे उनके लिए यह स्लीपर कोच बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं।
अनुबंधित आपरेटरों को बस 25 से पहले दुरुस्त कराने के निर्देश
आलमबाग के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि सभी अनुबंधित बस संचालकों को नोटिस भेज दिया गया है। उन्हें अपनी गाड़ियों को दुरुस्त कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। 25 मार्च से पहले उन्हें अपनी बसों की फिटनेस देनी होगी।
25 से चलेंगी 310 होली स्पेशल बसें
लखनऊ रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस ने बताया कि शहर के चारों प्रमुख बस स्टेशनों आलमबाग, चारबाग, कैसरबाग और अवध बस स्टेशन से होली विशेष सेवाओं का संचालन किया जाएगा। भीड़ होने की दशा में बस सेवाओं को बढ़ाया जाएगा। इसके लिए रिजर्व में भी रोडवेज सेवाओं को रखा जाएगा। एक जिले की एकमुश्त भीड़ होने पर तत्काल बस उपलब्ध कराई जाएगी। इससे बस स्टेशनों पर भीड़ न होने पाए। सभी कैटेगरी की बसें चलेंगी। इनमें एसी वॉल्वो, स्कैनिया, शताब्दी, जनरथ, पिंक के अलावा स्लीपर कोच और साधारण बसें भी होंगी।