23rd National Youth Festival : युवा अपनी ऊर्जा का प्रयोग समाज व राष्ट्र निर्माण में करें : योगी आदित्यनाथ
23rd National Youth Festival स्वामी विवेकानंद की जयंती के मौके पर योगी आदित्यनाथ ने युवा उत्सव के आगाज में युवा से ऊर्जा को समाज तथा राष्ट्र के निर्माण में लगाने का आह्वान किया।
लखनऊ, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ केंद्रीय खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्रालय के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) किरेन रिजिजू मंत्री ने 23वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आगाज किया। उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय युवा उत्सव की मेजबानी का पहली बार मौका मिला है। स्वामी विवेकानंद की जयंती के मौके पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सीएम योगी आदित्यनाथ ने पांच दिवसीय युवा उत्सव के आगाज में युवा से अपनी ऊर्जा को समाज तथा राष्ट्र के निर्माण में लगाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस महान पर्व पर एकत्र युवा पांच दिन तक अपने विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। युवा अपनी ऊर्जा का उपयोग समाज तथा राष्ट्र निर्माण के लिए करेंगे। युवा महोत्सव में देश से आए हुए युवओं के अनुभवों से सभी के पास सीखने का अवसर होगा। हर एक के पास अनुभव होगा। भारत में अनेकता में एकता हमारे देश की विशेषता है। यह विशेषता जाति, पंथ और संप्रदाय के साथ वेशभूषा में भी है। मेरे लिए यह महान अवसर इसलिए महत्वपूर्ण है, कयोंकि बीते वर्ष हमें कुंभ का आयोजन करने का अवसर प्राप्त हुआ था। उस समय भी आयोजन से पहले लोग पूछते थे कितने लोग आएंगे मैं कहता था, कुंभ में करीब 24 करोड़ लोगों ने भाग लिया था, उत्तर प्रदेश की ही आबादी 23 करोड़ है। देश भर से इतने लोगों ने भाग लिया। प्रयागराज में कुंभ ने सुरक्षित और स्वच्छता का संदेश दिया। अब लखनऊ में होने वाला यह युवा महोत्सव देश के 65 करोड़ लोगों की प्रेरणा का केंद्र बिंदू बनेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ में हो रहा यह पांच दिवसीय राष्ट्रीय युवा उत्सव देश के 65 करोड़ युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा। योगी आदित्यनाथ ने तमाम महापुरुषों का जिक्र करते हुए युवाओं को राष्ट्र प्रेम की सीख दी। इसके साथ ही बिना किसी का नाम लिए जेएनयू प्रकरण को भारत के खिलाफ षडयंत्र बताया। उन्होंने कहा कि पहले कभी दो देशों के बीच विवाद होता था तो अमेरिका या रूस से हस्तक्षेप की उम्मीद की जाती थी। आज अमेरिका और ईरान की मध्यस्थता के लिए भारत और पीएम मोदी मोदी की तरफ देखा जा रहा है। यही है नया भारत।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी साथी युवा सन्यासी स्वामी विवेकानंद के समाज और राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए युवा महोत्सव मना रहा है। भारत माता के इस महान पर्व पर हम सबके लिए सौभाग्य है और मेरी सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में आज का बड़ा अवसर है। तीसरे वर्ष में ही हमारी सरकार को यह बड़ा आयोजन मिला है, इसके लिए मैं केंद्रीय युवा विभाग के मंत्री को धन्यवाद देता है। उत्तर प्रदेश को आप ने दूसरी बार युवा महोत्सव का आयोजन करने का अवसर प्रदान किया है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार करता हूं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने एक बात कही थी कि किसी भी मनुष्य को अपने पूर्वजों पर लज्जा आए तो उसका अंत आ गया। अगर हम अपने पूवर्जों और गौरवशाली व्यक्तियों पर गर्व के बजाय लज्जा आने लगे तो उसका अंत आ गया, अतीत से कटा व्यक्ति एक त्रिशंकु बन जाता है। वह तो भटक जाता है, हमें भटकना नहीं है निरंतर कार्य करना है। कुछ लोगों ने यह भी कहा आइएम हिंदू बाय एक्सीडेंट यानि हम दुर्घटना से पैदा हो गए उन्हें शर्म नहीं है।
राष्ट्र के विभाजन की मांग गददारी
उन्होंने उस समय कहा था हमारा वेद दुनिया के सबसे प्राचीन ग्रंथ है, अथर्व वेद कहता है कि भारत हमारी माता है और हम सब इसके पुत्र हैं। जिन लोगों को देश के अतीत की जानकारी नहीं वे भारत को एक राष्ट्र नहीं मानते हैं, देश के उच्च शिक्षण संस्थान में नारे लगते हैं। भारत के संसाधनों से पलने वाले लोग भारत के खिलाफ षडयंत्र करते हैं, पुराण भी हमें भारत की सीमा के बारे में स्पष्ट चित्र प्रस्तुत करते है। हम सबको इस नए भारत की ताकत को पहचानना होगा इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी के संकल्प के साथ जुडऩा होगा। इस दौरान तमाम षडयंत्र होंगे, वक्तव्य होगा, लेकिन बाबा साहेब ने एक वक्व्य दिया था। उन्होंने कहा था कि हमने कुछ विकृति तथा आर्थिक विषमताओं को उत्तपन्न होते देखा है कि लेकिन इसे कोई हथियार बनाकर कोई विदेशी इस्तेमाल करे यह हम नहीं करने देंगे। हमारा इंटरनल मामला है किसी विदेशी को हस्तक्षेप नहीं करने देंगे। बाबा साहब के इस कथन ने ही उन्हें महान बना दिया। जोगेंद्र नाथ और बाबा साहेब ने दबे कुचले लोगों की आवाज उठाकर आजादी में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। जोगेंद्र नाथ ने कोलकाता की सीट छोड़कर बाबा साहेब को दी। जोगेद्र नाथ मंडल जिन्ना की लालच में आ गए और उनका समर्थन किया। दोनों मंत्री बने, एक भारत में दूसरा पाकिस्तान में। जोगेद्र मंडल तो पाकिस्तन में कानून मंत्री बने, जब वहां अल्पसंख्यकों को बचाने में असफल हुए तो अपना इस्तीफा दे दिया। वे भारत वापस आ गए और कोलकाता में गुमनाम मौत मरे। राष्ट्र के विभाजन की मांग करना इस देश के साथ सबसे बड़ी गद्दा्री है और देश के उत्थान का काम करना सबसे बड़ा पुण्य है। बाबा साहेब भारत रत्न हर पीड़ित और वंचित की आवाज बन गए। अशफाक उल्ला खां, नेता जी के नारों को आज भी स्मरण होता है, ये प्रत्येक भारतीय का नारा बन गया क्योंकि इसमें स्वार्थ नहीं परमार्थ था। महारानी लक्ष्मी बाई स्वाधीनता की लड़ाई 23 वर्ष में लड़ रही थी। वीर सावरकर ने एक ही जन्म में दो बार आजीवन कारावास की सजा झेली। उस समय उनकी उम्र 28 वर्ष थी। स्वामी विवेकानंद मात्र 23 वर्ष की उम्र में 1893 में शिकागो में जाकर भारत के बारे में बाले। संत ज्ञानेश्वर की उम्र 18, शंकराचार्य मात्र 32 वर्ष की उम्र तक जीवित रहे।
देश में व्यापक संभावनाएं
भगवान राम देश को राक्षसों से विहीन करते हैं उनकी उम्र 25 से 39 वर्ष थी, जिसमें 14 वर्ष का वनवास झेला, मथुरा से कंस को मारने गए श्रीकृष्ण की उम्र आठ वर्ष थी। छत्रपति महाराणा प्रताप सब युवा थे। अपने लिए नहीं लड़ थे, उनकी लड़ाई स्वाधीनता की लड़ाई थी। देश की लड़ाई थी। दुनिया में सबसे युवा देश भारत और सबसे युवा प्रदेश हमारा उत्तर प्रदेश है। युवाओं को अपनी सकारात्मक दिशा तय करनी होगी। देश में व्यापक संभावनाएं है, शिक्षा, स्पोट्र्स, प्रशासनिक, सुरक्षा, राजनीति, धर्म के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से काम करे तो रोल मॉडल बन सकता है। आप तो अपने गांव, जिले, प्रदेश और फिर देश में।
अनेकता में एकता ही हमारी ताकत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी युवाओं का उत्तर प्रदेश पधारने पर स्वागत किया। इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद को भी श्रद्धांजलि अर्पित की ओर कहा कि विवेकानंद की जयंती पर युवा उत्सव के कार्यक्रम को उनको सच्चा नमन बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय खेल मंत्री का उत्सव उत्तर प्रदेश में कराने के लिए धन्यवाद किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुरे देश से आये युवाओं से आप सभी को नई ऊर्जा मिलेगी। अनेकता में एकता ही हमारी ताकत है। एक भाव एक भावना देश के लिए हमें एक साथ जोड़ती है। मुख्यमंत्री ने कुंभ के सफल आयोजन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हमने जिस भी कार्यक्रम का आयोजन किया वह सफल रहा है। इस युवा उत्सव को योगी आदित्यनाथ ने छोटा युवा कुंभ बताया। उन्होंने कहा कि यह आपको फिट रखने में सहायक होगा इससे फिट रहने की प्रेरणा मिलेगी । योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री का नाम लिए बिना तंज कसा कहा कि कुछ लोगों ने कहा था आइ एम हिंदू बाई एकसीडेंट। यह उनकी कमजोर मानसिकता को दर्शाता है। जबकि स्वामी विवेकानंद ने देश की आत्मा की जिया है। योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि वो लोग देश को आतंकवाद में झोंकना चाहते हैं समाज को बांटना चाहते हैं।
60 हजार ग्राम पंचायतों में खेल का मैदान और ओपन जिम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने सभी 60 हजार ग्राम पंचायतों में एक-एक खेल का मैदान और एक ओपन जिम की व्यवस्था करवाई है। स्वस्थ्य शरीर में ही स्वस्थ्य मस्तिष्क निवास कर सकता है। हर गांव में खेल का मैदान और ओपन जिम अनिवार्य, युवक मंडल दल का गठन हो, उन्हें स्पोर्टस किट होगा। पीएम मोदी ने युवाओं के लिए स्टार्ट अप, मेक इन इंडिया, युवाओं के लिए है। नए भारत के निमार्ण के लिए जो भी कार्यक्रम हैं उन्हें उप्र में हमने लागू किया है। जीवन में सफलता का सही उद्देश्य होना चाहिए। पुरुषार्थ का कोई विकल्प नहीं हो सकता है। दीप जलकर हसंता है, सुंदर प्रतिमा जब बनती है पत्थर चोटे जब सहता है। हमें भारत के लिए ऐसे ही गढ़ना है, इस कार्यक्रम को युद्ध स्तर पर बढ़ा सकें। देश का सबसे बड़ा महोत्सव होने जा रहा है, एक एक कार्यक्रम का रिकार्डिंग होगा, फोल्डर बने उनके अनुभव को रिकार्ड करें। दक्षिण भारत से जो युवा आए हैं उन लोगों के लिए प्रयास किया गया है, कल थोड़ी बहुत अव्यवस्था रही होगी, लेकिन एनएसएस, पुलिस, सभी आपकी सेवा करेंगे। पांच दिनों का कार्यक्रम सुखद होगा।
भारतीय दर्शन के प्रकाश से अखिल विश्व को आलोकित करने वाले आध्यात्मिक गुरु स्वामी विवेकानंद जी को जयंती पर कोटिशः नमन।
स्वामी जी की जयंती 'राष्ट्रीय युवा दिवस' के रूप में सभी युवाओं के लिए राष्ट्र-निर्माण हेतु कृतसंकल्पित होने का सुअवसर है।
देश के सभी युवाओं को अनेकों शुभकामनाएं!
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 12, 2020
भारत की असली ताकत युवा : रिजिजू
केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि पूरे देश मे हुए युवा उत्सवो में लखनऊ के उत्सव निराला है। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने इस युवा उत्सव को अब तक का सबसे भव्य बताया। उत्तर प्रदेश में विभिन्न प्रकार के खूबसूरत सांस्कतिक झलक देखने को मिलता है। युवाओं को उन्होंने स्वागत किया और कहा कि आप पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर को समेटे हैं। आप फिट रहोगे तो देश फिट रहेगा। भारत की असली ताकत युवा है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो के माध्यम से युवा उत्सव में आये युवाओं का उत्साह बढ़ाया उनका स्वागत भी किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत के युवा को अपने गौरवशाली अतीत ओर वैभवशाली भविष्य के रूप में देखते थे। मुझे इस बात की खुशी है भारत का नोजवान इस बात को समझ रहा है। स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया का भी श्रेय युवाओं को दिया। भारत के नौजवानों ने इस देश की जरूरत आकांक्षाओं से जोड़ा है। इस भावना से भारत का युवा भरा हुआ है जिससे देश को फायदा पहुंचा है। आज देश का युवा नई तकनीक खोज रहा है।
उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी और उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने सभी युवाओं और गणमान्य लोगों का स्वागत किया। इस मौके पर लखनऊ की मेयर संयुक्त भाटिया, जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर प्रमुख सचिव गृह अवनीश अवस्थी तथा प्रमुख सचिव डिम्पल वर्मा मौजूद थे।
लखनऊ में इसकी शुरुआत में उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब दस हजार से अधिक युवाओं ने मार्च पास्ट किया। युवा उत्सव की थीम फिट इंडिया फिट यूथ है। इसके संयोजक उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी हैं।
पांच दिवसीय आयोजन में 18 विधाओं में सांस्कृतिक व कला प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। जिसमें लोकनृत्य, लोकगीत, शास्त्रीय गायन व वन एक्ट प्ले शामिल है। पीआरडी ग्राउंड पर एडवेंचर विलेज बनाया गया है। इसमें जॉरबिंग, फॉक्स फ्लाई, रैपलिंग, स्पाईडर वेब मंकी क्राल जैसे साहासिक करतब दिखाए जाएंगे। 16 दिसंबर को समापन समारोह में विजेताओं को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सम्मानित करेंगी।
विचार सम्मेलन युवाओं को दिखाएगा नई राह
युवा विचार सम्मेलन में गांधीवादी विचारक व राष्ट्रीय युवा उत्सव के संस्थापक एसएन सुब्बाराव, नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत, मशहूर गीतकार व पटकथा लेखक प्रसून जोशी, लद्दाख के सांसद जामियांग त्शेङ्क्षरग नाम्याल, श्री रामकृष्ण आश्रम राजकोट गुजरात के स्वामी निखिलेश्वरानंद, जल पुरुष राजेंद्र सिंह, दिव्यांग महिला पर्वतारोही अरुणिमा सिन्हा व इसरो वैज्ञानिक रितु करिधाल आदि शामिल होंगे।
पूरे शहर में पांच दिन धूम मचाएंगे युवा
राजधानी के गोमतीनगर के 1090 चौराहे, हजरतगंज स्थित जीपीओ चौराहे और चौक स्थित रूमी गेट के नजदीक बड़े मंच बनाए गए हैं, यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में युवा शिल्प ग्राम बनाया गया है। मंत्री ने बताया कि करीब तीन हजार युवा यूपी से होंगे। इसमें सभी जिलों से 25-25 युवा और जिले में विभिन्न क्षेत्रों में श्रेष्ठ काम करने वाले दो-दो युवा होंगे। वहीं देश के अन्य राज्यों से सात हजार के लगभग युवा हिस्सा लेंगे।
नेशनल यूथ अवार्ड पाने वाले बनेंगे प्रेरणा स्रोत
मंत्री उपेंद्र तिवारी के सरकारी आवास पर वर्ष 1985 से लेकर अभी तक नेशनल यूथ अवार्ड पाने वाली 28 शख्सीयत भी मौजूद थी। मंत्री ने इन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए यह प्रेरणास्रोत के तौर पर कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इसमें वर्ष 1985 में पहला अवार्ड पाने वाले सुलतानपुर के सत्यनाथ पाठक जिन्हें उस समय जिले में डेढ़ लाख पौधारोपण किया था। वहीं 1988 का नेशनल यूथ अवार्ड पाने वाले रायबरेली के बछरावां विधानसभा के भाजपा विधायक रामनरेश रावत ने अपने गृह जिले बाराबंकी के श्रमदान से 65 किलोमीटर सड़क व साक्षरता अभियान चलाया था। फिलहाल ये सभी 28 शख्सियत युवाओं को बेहतर करने के लिए प्रेरित करेंगी।