APP MLA Somnath Syahi Kand: आप विधायक सोमनाथ पर स्याही फेंकने वाले को रायबरेली में मिला 51 हजार का इनाम
Somnath Syahi Kand सोमनाथ भारती पर काली स्याही फेकने वाले युवा वाहिनी के जिला संयोजक को कांग्रेस विधायक ने सम्मानित किया। नगद धनराशि 51 हजार रुपये देकर माला पहनाई। बता दें बीते दिन आप विधायक सोमनाथ पर फेंकी गई थी स्याही।
रायबरेली, जेएनएन। Somnath Syahi Kand: आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती पर काली स्याही फेकने वाले युवा वाहिनी के जिला संयोजक को कांग्रेस विधायक ने नगद धनराशि 51 हजार रुपये देकर सम्मानित किया। उसके समर्थन में विभिन्न संगठन के लोग भी आगे आए हैं। बता दें, बीते दिन सोमवार को सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में दिल्ली से आप विधायक सोमनाथ भारती रुके थे। वह जब पार्टी के कार्यक्रम के लिए निकल रहे थे, तभी उन पर स्याही फेंकी गई थी।
वहीं, मंगलवार को हरचंदपुर से कांग्रेस विधायक राकेश सिंह ने जिला संयोजक जीतेंद्र सिंह को अपने आवास बुलाया। उसे 51 हजार रुपये नगद धनराशि दी और माला पहनाकर सम्मानित किया। विधायक का कहना है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देवतुल्य हैं। कोरोना काल में दिल्ली से लोगों को निकाला जा रहा था, तो यूपी के सीएम मदद के लिए आगे आए। उन्होंने प्रवासियों को उनके घर तक पहुंचाए।
अब दिल्ली से आकर आम आदमी पार्टी का विधायक योगी आदित्यनाथ को अपशब्द कहे, ये बर्दाश्त करने वाली बात नहीं है। जीतेंद्र सिंह ने जो किया, सही किया। उस विधायक पर कालिख पोती ही जानी चाहिए जो मुख्यमंत्री के बारे में गलत बयानबाजी करे। कांग्रेस विधायक का भाजपा के प्रति झ़ुकाव काफी पहले से है। वह अपनी पार्टी से इतर कई बार ऐसे बयान दे चुके हैं, जोकि कांग्रेस की रीति नीति के इतर थे। एमएलसी समेत उनके चार भाई पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
नहीं मिली तहरीर: विधायक पर काली स्याही फेकने के मामले में कोतवाली में अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। शहर कोतवाल अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। इस संबंध में फिलवक्त उनके पास कोई नहीं आया है।