Move to Jagran APP

UP MLC Election 2020 Results: लखनऊ में भाजपा की बढ़त बरकरार, विधान परिषद की स्नातक सीट पर भाजपा की पांच में से दो पर जीत

UP MLC Election 2020 Results विधान परिषद में स्नातक खंड की पांच में से दो सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की। भारतीय जनता पार्टी ने आगरा के साथ ही मेरठ में बाजी मारी। लखनऊ में अभी नौंवे राउंड की काउंटिंग जारी हैं।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Sat, 05 Dec 2020 08:59 PM (IST)Updated: Sun, 06 Dec 2020 08:11 AM (IST)
भारतीय जनता पार्टी ने स्नातक खंड की भी पांच में से दो सीट पर अपना कब्जा जमा लिया

लखनऊ, जेएनएन। विधान परिषद में शिक्षक कोटे की छह में से तीन पर कब्जा करने वाली भारतीय जनता पार्टी ने स्नातक खंड की भी पांच में से दो सीट पर अपना कब्जा जमा लिया है। दो पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की है। स्नातक क्षेत्र के चुनाव में भी शर्मा गुट को तगड़ा झटका लगा है, इसके साथ ही लम्बे समय से काबिज निर्दलीयों का भी पत्ता साफ होता दिखाई दे रहा है। वहीं, लखनऊ में अभी नौंवे राउंड की काउंटिंग जारी हैं। हालांकि, यहां भी भाजपा का ही परचम लहराता दिखाई दे रहा है। 

loksabha election banner

विधान परिषद में स्नातक खंड की पांच में से दो सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की। भारतीय जनता पार्टी ने आगरा के साथ ही मेरठ में बाजी मारी। वहीं, लखनऊ में मतगणना नौवं राउंड पर पहुंच गई। जिसमें भाजपा आगे लगातार बनी है। उधर, समाजवादी पार्टी ने भाजपा को तगड़ा झटका दिया। समाजवादी पार्टी ने इलाहाबाद-झांसी तथा वाराणसी खंड में जीत दर्ज की।

आगरा में कम हुआ भाजपा की हार का जख्म

ताजनगरी आगरा खंड शिक्षक सीट पर भाजपा की हार के जख्म पर खंड स्नातक सीट की जीत ने मरहम का काम किया है। प्रथम वरीयता के लिए स्नातक सीट पर शुरू हुई मतगणना में तीसरे नंबर पर चल रही भाजपा की सांसे थमी हुई थीं। पांचवें राउंड में पहले नंबर पर आने के बाद पीछे मुड़ कर नहीं देखा। द्वितीय वरीयता का परिणाम शनिवार सुबह आया, जिसमें कमल खिलने की घोषणा हुई। भाजपा के मानवेंद्र प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी से एमएलसी असीम यादव को 6095 वोटों से हराया।

मेरठ में भाजपा के दिनेश कुमार गोयल जीते

मेरठ में खंड शिक्षक सीट पर दिग्गज ओम प्रकाश शर्मा का किला ध्वस्त करने वाली भाजपा ने स्नातक सीट भी अपने नाम की। भाजपा के प्रत्याशी दिनेश कुमार गोयल ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष हेम सिंह पुंडीर को शिकस्त दी है। उन्होंने चार बार से एमएलसी रहे शिक्षक नेता हेम सिंह पुंडीर को हराया है। दिनेश कुमार गोयल को प्रमाण पत्र दिया गया। दिनेश गोयल को कुल 46212 और हेम सिंह पुंडीर को 17443  वोट मिले।

लखनऊ में पलटी बाजी, भाजपा के अवनीश कुमार सिंह आगे 

चुनाव में हार जीत का फैसला कुल मतों के 50 फीसद मत पर निर्भर करता है। करीब एक लाख वैध मतों के सापेक्ष जीत के लिए करीब 50 फीसद मत की जरूरत होगी। द्वितीय वरीयता क्रम की मतगणना के बाद यदि यदि मतों की संख्या 50 फीसद से कम होगी तो फिर से गिनती शुरू होगी। यह क्रम तब तक जारी रहेगा जब तक 50 फीसद मत ना मिल जाए। वहीं दूसरी ओर वोटों की संख्या बढ़ने से एक ओर जहां भाजपा खेमे में खुशी की लहर है तो दूसरी ओर निर्दल प्रत्याशी कांति सिंह के खेमे में मायूसी है। भाजपा के प्रत्याशियों व समर्थकों द्वारा देर रात तक जय श्रीराम के नारे लगाए गए। हालांकि जब तक जीत का प्रमाण पत्र न मिल जाए तब तक यह सुनिश्चित ना होने की बात कहने कह रहे अवनीश कुमार सिंह के चेहरे पर भी जीत की मुस्कान नजर नहीं आ रही थी। मतगणना में लगे अधिकारियों के मुताबिक चुनाव की पूरी प्रक्रिया के बाद ही परिणाम घोषित होगा।

 

कांति सिंह ने लगाया धांधली का आरोप 

लखनऊ खंड स्नातक सीट से विधान परिषद सदस्य निर्दलीय प्रत्याशी कांति ने आरोप लगाया कि मतगणना में धांधली का विरोध करने पर हमारे कार्यकर्ताओं को मारा-पीटा गया है। इसमें एक कार्यकर्ता के फ्रैक्चर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया है। मुझे भी जबरन हटाया जा रहा था, जबकि मैं प्रत्याशी हूं। यहां पर रात भर से हमारे व कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की, जोर जबरदस्ती चल रही है। अवैध मतों को वैध कर दिया जा रहा है। निष्पक्षता नहीं है। हमने जिलाधिकारी से शिकायत भी की है। 

वाराणसी में समाजवादी पार्टी का दबदबा

वाराणसी विधान परिषद स्नातक कोटे की सीट पर समाजवादी पार्टी आशुतोष सिन्हा ने जीत दर्ज की है। सपा प्रत्याशी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के केदार नाथ सिंह को शिकस्त दी। यहां स्नातक सीट पर 22 प्रत्याशियो ने भाग्य आजमाया था। यहां पर खंड शिक्षक सीट पर भी समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी ने जीत दर्ज की थी। लाल बिहारी यादव ने शर्मा गुट के शिक्षक नेता प्रमोद कुमार मिश्र को पीछे छोड़ा जबकि विधायक शिक्षक नेता चेतनारायण सिंह तीसरे स्थान पर रहे।

इलाहाबाद-झांसी सीट पर यज्ञदत्त शर्मा की हार

विधान परिषद में स्नातक कोटे की पांच सीटों में से एक का परिणाम शुक्रवार देर रात आ गया था। इसके साथ ही सबसे बड़ा उलटफेर इलाहाबाद-झांसी सीट पर हो गया। यहां से चार बार के भाजपा विधायक यज्ञदत्त शर्मा चुनाव हार गए। उनको समाजवादी पार्टी के डा. मान सिंह  यादव ने हराया। इलाहाबाद-झांसीखंड स्नातक सीट पर 24 वर्ष तक राज करने वाली भाजपा को सपा ने करारी शिकस्त दी है। प्रथम वरीयता के वोटों में डा. मान सिंह यादव को 19,421 और भाजपा के डा. यज्ञदत्त शर्मा को 16,888 वोट मिले।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.