CoronaVirus Lockdown in UP : यूपी में सिरदर्द बने तब्लीगी जमात में शामिल लोग, कई जिलों में मुकदमा
CoronaVirus Lockdown in UP उत्तर प्रदेश में अब तक 1203 लोगों की पहचान की गई है जो दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
लखनऊ, जेएनएन। CoronaVirus Lockdown in UP : पुलिस की धर-पकड़ के बावजूद उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तब्लीगी जमात में शामिल लोग सिरदर्द बने हुए हैं। शुक्रवार को भी इनको पकड़ने और मुकदमे दर्ज होने का क्रम जारी रहा। 10 सूडानी नागरिकों और दस बांग्लादेशियों के खिलाफ गुरुवार देर रात मुकदमा दर्ज किया गया। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अब तक 1203 लोगों की पहचान की गई है, जो दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
सीतापुर के खैराबाद थाना क्षेत्र में आये बांग्लादेशियों के खिलाफ टूरिस्ट वीजा था। इनके साथ में दो व्यक्ति महाराष्ट्र राज्य के भी मौजूद हैं। ये सभी लोग 31 मार्च को खैराबाद कस्बे के अर्जुनपुर मुहल्ले के एक मकान में मिले थे। सभी को क्वारंटाइन केंद्र में शिफ्ट किया गया है।
इसी तरह बाराबंकी के मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सरवा गांव में दिल्ली से लौटे एक संदिग्ध व्यक्ति को कोरोना जांच के लिए जिला चिकित्सालय के कोरोना आइसोलेशन वार्ड में भेजा गया है। युवक समेत परिवार के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। सरवा गांव का यह व्यक्ति 29 मार्च को दिल्ली से लौटा था। ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने उसे प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटाइन करा दिया था। पूछताछ में उसने मामले से जुड़े तथ्य छुपाते हुए प्रशासन को गुमराह कर दिया था।
सुलतानपुर के खैराबाद स्थित जामे इस्लामिया स्कूल में 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन किए गए 10 सूडानी नागरिकों समेत 15 लोगों के प्रतिनिधि मंडल पर विभिन्न धाराओं में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी शिवहरि मीणा ने बताया कि यह लोग बिना अनुमति के तकरीर में शामिल होने के लिए 19 मार्च को दिल्ली के निजामुद्दीन से यहां पहुंचे थे।
मेरठ और आसपास के जिलों में शुक्रवार को कुल 39 जमाती पकड़े गए। यह स्थानीय व देश के विभिन्न राज्यों से हैं। इनमें से 33 जमातियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इन सभी को क्वारंटाइन किया गया है। बहराइच-लखनऊ हाईवे पर बंजारी मोड़ के पास मस्जिद के पास छिपे मुंबई के नौ समेत 11 और जमातियों को पुलिस ने पकड़ा है। इन लोगों पर केस दर्ज कर स्वास्थ्य टीम की निगरानी में क्वारंटाइन किया गया है। हिदायत के बाद भी शहर में होने की सूचना छिपाने के मामले में 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। लखनऊ आए आठ जमातियों को मलिहाबाद कस्बा के मरकज वाली मस्जिद से पकड़ा गया। सभी दिल्ली के रहने वाले हैं।