CAA Protest in Lucknow: उपद्रवियों को दो दिन का और वक्त, करनी होगी नुकसान की भरपाई
CAA Protest in Lucknow 29 उपद्रवियों से वसूली के लिए 27 फरवरी को सुनवाई। जवाब दाखिल करने के लिए कोर्ट ने दिया समय।
लखनऊ, जेएनएन। CAA Protest in Lucknow: नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के विरोध की आड़ में 19 दिसंबर को लखनऊ को जलाने वाले 29 उपद्रवियों को अपना पक्ष रखने के लिए दो दिन का और समय दिया गया है। इसके बाद साक्ष्यों का आकलन कर कोर्ट रिकवरी के मामले में फैसला सुना सकती है। प्रशासन ने इससे पहले अपने दो फैसलों में उपद्रवियों से रिकवरी का फैसला सुनाया है।
सीएए के विरोध में लखनऊ में चार थाना क्षेत्रों हजरतगंज, कैसरबाग, ठाकुरगंज और हसनगंज भारी हिंसा के बाद करीब 150 को नोटिस जारी किया गया था। अपर जिला मजिस्ट्रेट ट्रांस गोमती विश्व भूषण मिश्र के मुताबिक कैसरबाग और ठाकुरगंज इलाकों में उपद्रवियों ने जमकर हिंसा की थी। कई सार्वजनिक और सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाते हुए आग के हवाले कर दिया था। कैसरबाग में 15 और ठाकुरगंज में 14 उपद्रवियों को रिकवरी के लिए नोटिस जारी किया गया है। इनमें से कैसरबाग में छह और ठाकुरगंज में आठ के जवाब दाखिल किए गए हैं। अब मामले की अगली सुनवाई 27 फरवरी को होगी।
अपर जिला मजिस्ट्रेट विश्व भूषण मिश्र के मुताबिक, नियत तारीख पर पर्याप्त साक्ष्यों का आंकलन करने के बाद ही आदेश जारी किया जाएगा। इससे पहले करीब एक करोड़ के नुकसान की वसूली के लिए प्रशासन नोटिस जारी कर चुका है। हसनगंज में 21 लाख और परिवर्तन चौक के आसपास 69.70 लाख के नुकसान की रकम जमा करायी जाएगी।