अब IRCTC आपको कराएगा सात देशों की यात्रा, इतने का होगा टूर पैकेज
24 जून से 6 जुलाई के बीच कराई जाएगी यात्रा। पर्यटकों को मिलेगा सात देशों के भ्रमण का मौका।
लखनऊ, जेएनएन। भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (आइआरसीटीसी) अंतरराष्ट्रीय क्रूज यात्रा शुरू करने जा रहा है। यह यात्रा 24 जून से 6 जुलाई के बीच होगी। इसमें बारह रात और तेरह दिनों का सफर होगा। अगर आप इसका आनंद लेना चाहते हैं तो दिल्ली से विमान की सुविधा मिलेगी।
आइआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि यात्री दिल्ली से कोपेनहेगन के लिए रवाना होगा। नावेजियन क्रूज का पैकेज डेनमार्क से 24 जून को शुरू होगा, जो वारमेमुन्डे (बर्लिन, जर्मनी), डाइनिया (पोलेन्ड), हेलसिकी (फिनलैंड), सेंट पीटर्सबर्ग (रूस) एवं निन्सायं (स्टॉकहोम) आदि यूरोपियन देशों का भम्रण कराएगा। 4 जुलाई को यह क्रूज कोपनहेगन (डेनमार्क) वापस लौट आएगा।
उन्होंने बताया कि आइआरसीटीसी द्वारा जिन देशों का भ्रमण कराया जा रहा है। वह सभी देश अपनी प्राचीन ऐतिहासिक धरोहरों, प्राचीन एवं आधुनिक संस्कृतियों के लिए प्रसिद्ध हैं। यूरोप के इन सभी देशों के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्वपूर्ण स्थलों को आइआरसीटीसी के टूर पैकेज के माध्यम से नजदीक से परख सकेंगे। क्रूज पैकेज में भोजन, पूल की सुविधा, जिम/फिटनेस केंद्र की सुविधा, वीजा, कोपेनहेगन से थ्री स्टार होटल में रुकने के साथ ही ब्रेक फास्ट की सुविधा रहेगी।
वहीं, दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 2,95,817 रुपए एवं तीन व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 2,63,634 रुपए किराए का भुगतान करना होगा। वहीं बच्चे को बेड की सुविधा के साथ दो व्यक्तियों के साथ ठहरने पर प्रति बच्चे के हिसाब से 24,351 रुपए अतिरिक्त किराए का भुगतान करना होगा। इसके लिए गोमती नगर स्थित पर्यटन भवन के आइआरसीटीसी कार्यालय में सपंर्क कर सकते हैं।