एलडीए ने गोमती नगर में दस्तरख्वान नॉनवेज रेस्टोरेंट किया सील
लंबे समय से रेस्टोरेंट की वजह से होने वाली दिक्कतों की थी शिकायतें। विनीतखंड में मकान का अवैध हिस्सा किया गया ध्वस्त।
लखनऊ, जेएनएन। एलडीए के दस्ते ने बुधवार को गोमती नगर विवेकखंड में काफी विरोध होने के बावजूद राजधानी के मशहूर नॉनवेज रेस्टोरेंट दस्तरख्वान को सील कर दिया। स्थानीय लोग लंबे समय से रेस्टोरेंट की वजह से होने वाली दिक्कतों की शिकायत कर चुके थे। उच्च स्तरीय दबाव के बावजूद प्राधिकरण ने रेस्टोरेंट को सील करने के साथ एक इमारत के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यहां महिलाओं ने दस्ते का भरसक विरोध किया। मगर पुलिस की मदद से प्राधिकरण ने अवैध निर्माण का अधिकांश हिस्सा तोड़ दिया।
फ़ैसल आफरीन के भवन संख्या-3/106 विवेक खंड गोमती नगर लखनऊ पर अवैध रूप से संचालित दस्तरख्वान रेस्टोरेंट को सील करने की मांग स्थानीय नागरिक लंबे समय से करते रहे हैं। प्राधिकरण के नजूल अधिकारी संजय पांडेय ने बताया कि इस रेस्टोरेंट को सील करने का आदेश 19 नवंबर को दिया गया था। आवासीय भूखंड में अवैध तौर पर रेस्टोरेंट संचालित किया जा रहा था।
महिलाएं आईं सामने फिर भी इमारत का अवैध निर्माण ध्वस्त
उर्मिला चौधरी के भवन संख्या-5/53सी विनीत खंड,गोमती नगर में किए गए अवैध निर्माण को प्रवर्तन जोन-1 के दस्ते ने पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्त किया गया। इस दौरान कुछ महिलाओं ने दस्ते के सामने आकर उनको समय देने की गुहार लगाई। मगर उच्च स्तर से आईं शिकायतों के चलते अवैध हिस्से और पोर्च को ध्वस्त कर दिया गया। क्षेत्रीय लोगों ने इस भवन में अतिरिक्त हिस्सा घेरने की शिकायत की थी। लोगों का कहना था कि इस वजह से बहुत अधिक परेशानी हो रही है।