हरिद्वार वाया देहरादून और सिद्धार्थनगर की बसें आज से, बस देना होगा इतना किराया
कैसरबाग से सुबह नौ बजे देहरादून और रात नौ बजे सिद्धार्थनगर के लिए सीधी सेवाएं। 627 रुपया देहरादून और 341 रुपया होगा सिद्धार्थनगर का किराया।
लखनऊ, जेएनएन। स्नान पर्वों को देखते हुए परिवहन निगम प्रशासन बुधवार से हरिद्वार वाया देहरादून बस सेवा शुरू करने जा रहा है। सुबह नौ बजे कैसरबाग बस स्टेशन से इसकी शुरुआत होगी। वहीं सिद्धार्थनगर के लिए भी इसी बस अड्डे से रात नौ बजे रोडवेज सेवा का संचालन होगा। यह जानकारी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने दी।
उन्होंने बताया कि कैसरबाग बस स्टेशन से सुबह नौ बजे चलकर बरेली, रामपुर, मुरादाबाद होते हुए यह बस रात सवा दस बजे बस हरिद्वार पहुंचेगी। यहां कुछ देर रुककर रात 12 बजे देहरादून बस स्टेशन पर इसका अंतिम ठहराव होगा। वापसी में सुबह नौ बजे देहरादून से चलकर हरिद्वार होते हुए बस सेवा रात लखनऊ आएगी। कैसरबाग से देहरादून की दूरी 596 किमी. है। इस दूरी के लिए यात्री को प्रति सीट 627 रुपया देना होगा। टिकट काउंटर या फिर बस में कंडक्टर से भी यात्री टिकट ले सकेंगे।
सिद्धार्थनगर की सीधी सेवा रात नौ बजे से
इसी तरह लखनऊ कैसरबाग बस स्टेशन से वाया बस्ती, बासी होते हुए बुधवार को सिद्धार्थनगर के लिए बस सेवा चलाई जाएगी। यह सेवा रात नौ बजे कैसरबाग बस स्टेशन से संचालित की जाएंगी। यात्री को कैसरबाग से सिद्धार्थनगर का 341 रुपया किराया देना होगा। इन रूटों पर दोनों ओर से बसों का संचालन किया जाएगा।