यूपी में 16 IAS अफसरों का तबादला, वाराणसी के कमिश्नर राजलिंगम भेजे गए कानपुर; पांच डीएम का भी ट्रांसफर
IAS and PCS Officers Transferred in UP: आईएएस अफसरों में वाराणसी और कानपुर के कमिश्नर बदले गए हैं। दोनों की अदला-बदली की गई है।

16 आईएएस और चार पीसीएस अधिकारियों का तबादला
HighLights
चंदौली सहित पांच जिलों के डीएम का भी ट्रांसफर
चार पीसीएस अधिकारियों का भी ट्रांसफर
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी संख्या में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले जारी हैं। लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत अधिकारियों का ट्रांसफर किया जा रहा है। सोमवार को भी 16 आईएएस और चार पीसीएस अधिकारियों का तबादला किया गया। चंदौली सहित पांच जिलों के डीएम का भी ट्रांसफर किया गया है।
आईएएस अफसरों में वाराणसी और कानपुर के कमिश्नर बदले गए हैं। दोनों की अदला-बदली की गई है। वाराणसी के मंडलायुक्त एस.राजलिंगम को इसी पद पर कानपुर भेजा गया है। कानपुर में तैनात रहे आईएएस विजयेंद्र पांडियन को अब वाराणसी का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वाराणसी मंडल में वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली जिले आते हैं।
रविकुमार एनजी को ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर के पद से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा आयुक्त एवं निदेशक, उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग बनाया गया है। डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर की जिम्मेदारी दी गई है।
सौम्या अग्रवाल को अतिरिक्त जिम्मेदारी
श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी और सहकारी कताई मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इन जिलों को मिले नए जिलाधिकारी
भदोही के जिलाधिकारी शैलेश कुमार को चंदौली का डीएम बनाया गया है। अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) अनिल कुमार सिंह को भदोही का जिलाधिकारी और भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
चंदौली के डीएम चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है। रमेश रंजन को गोंडा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह अभी राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर तैनात थे।गोंडा की डीएम प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास बनाया गया है। स्थानांतरणाधीन उमेश मिश्रा को जौनपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
जौनपुर के डीएम सैमुएल पॉल एन को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां की जिम्मेदारी दी गई है। मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह अभी विशेष सचिव, नागरिक सुरक्षा एवं राजनैतिक पेंशन के पद पर तैनात थे।
श्रावस्ती की डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार बनाया गया है। शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स बनाया गया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
चार पीसीएस अधिकारियों का ट्रांसफर
सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चार पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में उपजिलाधिकारी से लेकर निदेशालय स्तर तक अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रेणुका दीक्षित को इटावा के उपजिलाधिकारी पद से हटाकर शामली का उपजिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश पीसीएस एसोसिएशन के अध्यक्ष विश्व भूषण मिश्र को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के उपसचिव पद से स्थानांतरित कर स्थानीय निकाय निदेशालय में संयुक्त निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
अभिनव पाठक को आगरा के उपजिलाधिकारी पद से हटाकर प्रयागराज मेला प्राधिकरण और प्रयागराज विकास प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। वहीं, सौम्य मिश्रा को स्थानांतरणाधीन उपजिलाधिकारी से प्रयागराज मेला प्राधिकरण और प्रयागराज विकास प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी पद से हटाकर आगरा का उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।