यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 11, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
किसानों को मिलेगा नुकसान का पूरा मुआवजा : राजनाथ
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के किसानों को भरोसा दिलाया है कि उनको फसल के नुकसान का पूरा ...और पढ़ें

लखनऊ। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के किसानों को भरोसा दिलाया है कि उनको फसल के नुकसान का पूरा मुआवजा मिलेगा। गृह मंत्री मुजफ्फरनगर जाते समय आज कुछ समय के लिए मेरठ के परतापुर में रुके थे।
राजनाथ सिंह ने वहां पर मौजूद लोगों से कहा कि फसलों की तबाही पर उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेहद आहत हैं। उन्होंने कहा कि हम किसानों को उनके नुकसान का पूरा मुआवजा देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरी चिंता जताते हुए मंत्रियो को सभी राज्यो का दौरा करने के निर्देश दिए हैं। राजनाथ ने कहा कि मैं खुद महाराष्ट्र का दौरा करके लौटा हूं और आज मुजफ्फरनगर के खतौली जा रहा हूं।
देश के कई राज्य में अति वृष्टि तथा ओलावृष्टि से फसलों के नुकसान पर कहा कि पहले 50 फीसदी फसल नष्ट होने पर केन्द्र मुआवजा देता था, किंतु नई सरकार 33 फीसदी नुकसान पर भी उन्हें भरपूर राहत देगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार ने सभी क्षेत्रों में विकास का भरपूर आधार बना दिया है, जिसका असर सालभर में नजर आने लगेगा। इसके साथ ही राजनाथ सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को उच्च मनोबल के साथ काम करने की सलाह भी दी। उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार आने से महंगाई कम हुई है। पहले महंगाई दर 10 से 11 प्रतिशत थी आज 2 से 3.5 प्रतिशत पर पहुंच गई है। विदेशों में हमारी साख बढ़ी है। सारे परिणाम आने में समय लगेगा।
