ललितपुर में नकली खाद की फैक्ट्री का भंडाफोड़, इफको के नाम पर हो रही थी पैकिंग; 217 बोरियां बरामद
ललितपुर के पनारी गांव में कृषि विभाग ने इफको के नाम पर नकली खाद बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया ...और पढ़ें
-1790815317536_m.webp)
यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
ललितपुर के पनारी गांव में नकली खाद फैक्ट्री पकड़ी गई।
इफको के नाम पर नकली खाद की पैकिंग हो रही थी।
217 बोरी नकली खाद और पैकिंग सामग्री जब्त की गई।
जागरण संवाददाता, ललितपुर। रबी सीजन शुरू होने के साथ ही नकली खाद खपाने की तैयारी का मामला सामने आया है। जिला कृषि अधिकारी रंजीत कुमार चौरसिया के नेतृत्व में कृषि विभाग की टीम ने बुधवार दोपहर शहर से सटे ग्राम पनारी में एक मकान पर छापा मारकर इफको नाम की नकली खाद तैयार करने वाली फैक्ट्री पकड़ी।
मौके से 217 बोरी खाद के साथ बड़ी मात्रा में खाली बोरियां और पैकिंग का सामान बरामद हुआ। फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। सूचना पर टीम पंचमुखी हनुमान मंदिर के सामने गली स्थित मकान पहुंची। यहां चार लोग मिले, जबकि पूछताछ के दौरान दो लोग मौके से फरार हो गए।
तलाशी में 217 बोरी नकली खाद, 135 नई खाली बोरियां, 154 पीडीएम की खाली बोरियां, कांटा और बोरी सिलाई मशीन बरामद हुई। कृषि विभाग के अनुसार, यहां खाद में मिलावट कर उसे बोरियों में पैक किया जा रहा था। एसडीएम सदर हेमंत पटेल और नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया।
बरामद खाद व अन्य सामग्री जब्त कर ली गई। मकान कैलाश पुरोहित का बताया गया है। मौके पर मिले चार लोगों ने खुद को मजदूर बताया। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
यह भी पढ़ें- ललितपुर समेत UP के इन 4 जिलों में मिला बेशकीमती खजाना, खनन शुरू होने से पहले 40 गांवों की तस्वीर बदलेगी योगी सरकार
