अगले सप्ताह तक दस्तक दे सकता है प्री-मानसून
ललितपुर ब्यूरो : रविवार को छाई बदली के चलते अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिली, जिसके
ललितपुर ब्यूरो :
रविवार को छाई बदली के चलते अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिली, जिसके चलते अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। रविवार को जिले में कहीं बरसात नहीं हुई और न ही धूलभरी हवाओं का एहसास हुआ, लेकिन अभी भी गर्मी का सितम बना हुआ है और उमस से लोग बेहाल है। हालाँकि लोगों के लिए राहत देने वाली खबर यह है कि मौसम विभाग द्वारा अगले सप्ताह तक प्री-मानसून के दस्तक देने की सम्भावना जताई है। इससे तापमान में भी कमी आएगी।
नौतपा समाप्त हो चुके है। भीषण गर्मी के बाद अब उमस भरी गर्मी का आलम बना हुआ है। लेकिन पिछले दो दिनों से जनपद में हवाओं के साथ हल्की बारिश का सिलसिला बना हुआ है। इसके चलते तापमान में गिरावट आ रही है। रविवार को सुबह से ही आसमान में बादल देखने को मिले। धूप का असर दोपहर 11 बजे के बाद हुआ, लेकिन आसमान में छाए बादलों के चलते धूप का असर अधिक नहीं हुआ। इस कारण पूरे दिन मौसम सुहाना रहा। शाम के समय चलीं हवाओं ने मौसम को काफी खुशनुमा बना दिया। शाम ढलने के बाद लोगों की भीड़ सड़कों व मकानों की छतों पर अधिक देखने को मिली। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञ ने सोमवार को बादल छाने और तापमान में गिरावट के आसार जताये थे। वहीं दूसरी ओर केरल में मानसून की दस्तक के साथ ही कई शहरों में बारिश शुरू हो गयी है। ऐसे में जनपद में भी मानसून के दस्तक देने की उम्मीद है। फिलहाल अगले हफ्ते तक प्री-मानसून की उम्मीद जताई जा रही है। जनपद में 20-25 जून के आसपास मानसून दस्तक देता है। वहीं 15 जून के आसपास प्री-मानसून बारिश शुरू हो जाती है। ऐसे में इसी समय के दरम्यान प्री-मानसून की उम्मीद जताई जा रही है। प्री-मानसूनी बारिश होने से तापमान में भी गिरावट आने की सम्भावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से भी निजात मिलेगा। प्री-मानसून की बारिश होने से सूखे पड़े खेतों में नमी आ जाएगी, जिससे बुवाई के समय फसलों को फायदा होगा।
साथ में..
हल्की बारिश ने तपिश से दिलायी राहत
तालबेहट(ललितपुर) :
शनिवार की देर रात हुयी हल्की बारिश से मौसम सुहाना हो गया। भीषण गर्मी से उबल रहे नगर ने राहत की साँस ली। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य के बराबर रिकार्ड किया गया।
पिछले लगभग एक महीने से नगर भीषण गर्मी से तप रहा था। सुबह से लेकर देर शाम तक लोग भीषण गर्मी का अनुभव कर रहे थे। पारा 47 डिग्री सेल्सियस के नजदीक तक पहुँच रहा था। पिछले दो दिनों से मौसम के बदले मिजाज ने, खासकर शनिवार की देर शाम हुयी बूँदा-बाँदी से मौसम का मिजाज सुहाना हो गया। हल्की बारिश ने मौसम खुशनुमा कर पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी पर लगाम लगायी। कुछ देर बाद बूँदा-बाँदी तो थम गयी, लेकिन आसमान में हल्के बादल रहे और हवायें चलती रहीं। जिससे लोगों को भीषण गर्मी में राहत मिली। रविवार को बीच-बीच में धूप निकली, लेकिन हवा में नमी व आसमान में बादलों की आवाजाही होने के कारण उतनी तपिश नहीं रही, जो अन्य दिनों में थी। जानकारों के मुताबिक अगले दो दिनों तक आकाश में बादल छाये रहने की सम्भावना है, जिससे तामपान में अधिक बढ़ोत्तरी नहीं होगी।