लखीमपुर खीरी में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मां बेटे सहित तीन की मौत, एक घायल
Lakhimpur News: लालनपुर तिराहे पर मितौली की ओर जा रहे मौरंग लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी
HighLights
लालनपुर तिराहे पर दर्दनाक हादसा
ट्रक कब्जे में लेकर पुलिस ने शुरू की जांच
संवादसूत्र, लखीमपुर : मितौली थाना के लालनपुर तिराहे पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं और दो वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर घायल हो गया। बाइक पर मासूम सहित चार लोग सवार थे।
नीमगांव थाना के गांव ओदरहिया निवासी अरविंद,24 वर्षीय पत्नी मोहनी, 20 वर्षीय बहन खुशबू देवी पत्नी फूलचंद और दो वर्षीय बेटे अयांश के साथ बाइक से सीतापुर जिले के महोली थाना के ग्राम मुड़ा जा रहे थे। करीब 10 बजे कस्ता के निकट लालनपुर तिराहे पर मितौली की ओर जा रहे मौरंग लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
इससे मोहनी, खुशबू देवी और अयांश की मौके पर ही मौत हो गई । वहीं बाइक चला रहा अरविंद गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची मितौली पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर घायल अरविंद को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाकर जांच में जुट गई है। ट्रक चालक मौके से फरार बताया जाता है।