जनजातीय गौरव दिवस पर थारू संस्कृति की गूंज, छात्राओं ने राजभवन में बिखेरी छटा
जनजातीय गौरव दिवस पर थारू संस्कृति और विरासत की झलक देखने को मिली।
-1794826416288_m.webp)
जनजातीय गौरव दिवस पर थारू संस्कृति की गूंज।
HighLights
युवराज दत्त महाविद्यालय की छात्राओं ने राजभवन में लोकनृत्य प्रस्तुत किए।
थारू जनजाति की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया गया।
चंदन चौकी में महिला कल्याण विभाग ने योजनाओं की जानकारी दी।
जागरण संवाददाता, लखीमपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों में थारू संस्कृति और जनजातीय विरासत की झलक देखने को मिली। युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय की थारू जनजाति की छात्राओं ने लखनऊ स्थित राजभवन में पारंपरिक लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
वहीं, जनजातीय बहुल चंदन चौकी में महिला कल्याण विभाग ने शिविर लगाकर महिलाओं और बच्चों को सरकारी योजनाओं, सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी। दोनों आयोजनों में जनजातीय समाज की पहचान, संस्कृति और कल्याण को केंद्र में रखा गया।
राजभवन में आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में युवराज दत्त महाविद्यालय की छात्राओं ने अपनी पारंपरिक लोक संस्कृति, लोकनृत्य और जनजातीय विरासत का शानदार प्रदर्शन किया।
छात्राओं की प्रस्तुतियों ने जनजातीय परंपराओं की समृद्धि और सांस्कृतिक विविधता को जीवंत कर दिया। इस अवसर पर राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी डा. सुधीर महादेव बोबडे ने छात्राओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को जनभवन (राजभवन) का भ्रमण भी कराया गया। उन्होंने परिसर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता को करीब से जाना। यह अनुभव छात्राओं के लिए यादगार और प्रेरणादायक रहा। इस मौके पर लखनऊ विश्वविद्यालय की कुलसचिव डा. भावना मिश्रा, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हेमंत पाल और जनजाति प्रकोष्ठ की प्रभारी प्रो. ज्योति पंत मौजूद रहीं।
प्राचार्य प्रो. हेमंत पाल ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपनी परंपराओं, संस्कृति और अस्मिता को सम्मान देने का अवसर है। राजभवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर छात्राओं द्वारा थारू संस्कृति का प्रतिनिधित्व करना पूरे महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आयोजन में सहयोग करने वालों के प्रति आभार जताया।
चंदन चौकी में योजनाओं की दी जानकारी
उधर, चंदन चौकी में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग ने शिविर लगाकर ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया। जिला प्रोबेशन अधिकारी लवकुश कुमार भार्गव के निर्देशन में आयोजित शिविर में निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) और उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान योजना की जानकारी दी गई।
विभागीय अधिकारियों ने वन स्टाप सेंटर की सेवाओं के साथ चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 के बारे में भी बताया। महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा, संरक्षण और संकट के समय उपलब्ध सरकारी सहायता का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया। जरूरतमंदों को संबंधित योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
शिविर में संरक्षण अधिकारी गंगा सागर यादव, जिला बाल संरक्षण इकाई के आंकड़ा विश्लेषक वरुण शुक्ला, केस वर्कर रीता राना, एमटीएस सरिता राना और वन स्टाप सेंटर पलिया के सुरक्षा गार्ड बब्लू राना उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।