लखीमपुर में बढ़ा शारदा नदी का पानी, कटान से 400 की आबादी प्रभावित; 80 परिवारों ने किया पलायन
लखीमपुर के गोला स्थित रूरा सुल्तानपुर गांव में शारदा नदी के बढ़ते कटान से गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। ...और पढ़ें

HighLights
शारदा नदी के कटान से रूरा सुल्तानपुर गांव में भारी तबाही।
लगभग 400 लोग प्रभावित, 80 परिवारों को करना पड़ा पलायन।
वीर बाबा स्थान भी आंशिक रूप से नदी में समा गया।
पवन जायसवाल, लखीमपुर। शारदा का पानी जब शांत होता है तो जीवन देता है, लेकिन जब रौद्र रूप धारण करता है तो अपने साथ वर्षों की बसी गृहस्थी भी बहा ले जाता है। गोला के ग्राम पंचायत रूरा सुल्तानपुर में इन दिनों यही त्रासदी देखने को मिल रही है। लगातार बढ़ते कटान ने ग्रामीणों के सामने घर बचाने और जान बचाने के बीच ऐसा संकट खड़ा कर दिया है, जिसमें आखिरकार लोगों को अपना आशियाना छोड़कर पलायन करना पड़ रहा है। बीते दो दिनों से शारदा नदी लगातार गांव की ओर कटान कर रही है।
शुक्रवार को गांव के सबसे ऊंचे स्थानों में शुमार वीर बाबा स्थान का आंशिक हिस्सा कटकर नदी में समा गया था। इसके बाद चौबीस घंटे तक नदी का उफान उसी स्थान से टकराता रहा। बीती रात कटान ने वीर बाबा स्थान को भी अपनी जद में ले लिया। धार्मिक स्थल का कुछ हिस्सा अभी बचा है, लेकिन जिस तेजी से नदी बढ़ रही है, उससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। वीर बाबा स्थान के करीब पहुंची शारदा के उग्र प्रवाह ने पूरे गांव में अफरा-तफरी मचा दी है।
दो दर्जन से अधिक मकानों पर संकट मंडराने के बाद करीब अस्सी परिवारों को अपना घर छोड़ना पड़ा है। कोई बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा रहा है तो कोई घर के मलबे से जरूरी सामान निकालने में जुटा है। सबसे मार्मिक दृश्य उन घरों का है, जिन्हें बचाने की उम्मीद छोड़ चुके ग्रामीण खुद हथौड़ी और औजारों से तोड़ रहे हैं। जिन दीवारों को परिवारों ने वर्षों की मेहनत से खड़ा किया था, आज उन्हीं पर उनके हाथों से चोट पड़ रही है।
कोई दरवाजे निकाल रहा है तो कोई छप्पर और घरेलू सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार करीब चार सौ की आबादी कटान से प्रभावित होकर पलायन को विवश है। कुछ परिवार रिश्तेदारों के यहां शरण ले रहे हैं तो कुछ ऊंचे स्थानों पर अपना सामान रखकर रात गुजारने की तैयारी में हैं। गांव में हर चेहरे पर एक ही सवाल है अगले चौबीस घंटे में शारदा और कितना उजाड़ेगी?
शारदा का कटान लगातार जारी है। वीर बाबा स्थान भी आंशिक रूप से कट गया है। करीब 60 से 80 परिवार प्रभावित हैं, जिनकी लगातार निगरानी की जा रही है।- युगांतर त्रिपाठी, एसडीएम, गोलागोकरणनाथ
