'अमरमणि को किसी भी पार्टी ने टिकट दिया तो अनशन करूंगी', मधुमिता शुक्ला की बहन का एलान
दिवंगत कवित्री मधुमिता शुक्ला की बहन निधि शुक्ला ने अमरमणि त्रिपाठी को किसी भी राजनीतिक दल में शामिल करने या चुनाव लड़ाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
-1789361493583_m.webp)
HighLights
मधुमिता शुक्ला की बहन निधि ने अमरमणि के चुनाव लड़ने पर दी चेतावनी।
किसी भी पार्टी से टिकट मिलने पर राष्ट्रीय कार्यालय के सामने अनशन।
निर्दलीय लड़ने पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर करेंगी विरोध प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, लखीमपुर। दिवंगत कवित्री मधुमिता शुक्ला की बहन निधि शुक्ला ने अमरमणि त्रिपाठी को किसी भी राजनीतिक दल में शामिल किए जाने या चुनाव लड़ाने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी है।
महाराजगंज की फरेंदा विधानसभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त के अमरमणि को कांग्रेस में शामिल करने संबंधी बयान के बाद उन्होंने अपना विरोध दर्ज कराया।
निधि शुक्ला ने कहा कि वर्ष 2004 में मधुमिता हत्याकांड के बाद उन्होंने इंसाफ के लिए लंबा संघर्ष किया। कांग्रेस नेतृत्व से उन्हें न्याय की उम्मीद थी, लेकिन अमरमणि को पार्टी में शामिल करने की चर्चा से वह बेहद आहत हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि सपा, भाजपा या कांग्रेस में से किसी भी दल ने यदि अमरमणि त्रिपाठी को अपनी पार्टी से चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिया तो वह संबंधित पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन और अनशन करेंगी।
वहीं, यदि अमरमणि त्रिपाठी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरते हैं तो वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन करेंगी। निधि ने कहा कि उन्होंने इंसाफ की लड़ाई में अपनी जिंदगी के 25 वर्ष लगा दिए हैं।
जरूरत पड़ी तो प्रदेश के विभिन्न जिलों में जाकर आपराधिक राजनीति के खिलाफ जनता को जागरूक करेंगी। उन्होंने कहा कि मधुमिता के हत्यारे को राजनीतिक संरक्षण दिए जाने का हर स्तर पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- अमरमणि त्रिपाठी के राहुल अपहरण मामले में नहीं हुआ बयान, 18 सितंबर को होगी अगली सुनवाई
