विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मौत को न्योता दे रहे सीतापुर-बरेली हाईवे के 92 ब्लैक स्पॉट, 20 दिन में 7 लोगों ने गंवाई जान; 40 घायल

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:27 PM (GMT+05:30)

नेशनल हाईवे-30 पर तकनीकी खामियों और अव्यवस्थित यातायात के कारण सड़क हादसे बढ़ गए हैं, जिससे सीतापुर से बरेली के बीच 92 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। 

एनएच 30 के जंगबहादुरगंज पूर्वी बाइपास को जोड़ता हरदोई मार्ग : जागरण

एनएच 30 के जंगबहादुरगंज पूर्वी बाइपास को जोड़ता हरदोई मार्ग : जागरण

HighLights

  1. NH-30 पर तकनीकी खामियों से बढ़े सड़क हादसे।

  2. सीतापुर-बरेली के बीच 92 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए।

  3. एनएचएआई अंडरपास और सुरक्षा उपायों पर कर रहा विचार।

आशीष शुक्ला, जंगबहादुरगंज (लखीमपुर)। नेशनल हाईवे-30 की ड्राइंग में तकनीकी खामियां राहगीरों की जिंदगी पर भारी पड़ रही हैं। अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के कारण पूरा हाईवे बड़े ब्लैक स्पॉट में तब्दील हो गया है। एनएचएआई टीम ने सीतापुर से बरेली के बीच 92 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए हैं।

इसके बावजूद सुधार के लिए कोई ठोस कार्ययोजना जमीन पर नहीं दिख रही। एनएचएआई ने जहां क्रॉसिंग की जरूरत थी, वहां वैध कट नहीं बनाया। कम जरूरत वाले स्थान पर ओवरब्रिज बना दिए। इससे मजबूर होकर राहगीरों ने डिवाइडर तोड़कर रास्ता बना लिया। कई जगह ऐसे कट बनवा दिए गए जो महज कुछ खास लोगों की जरूरत थे। नतीजा यह है कि अवैध क्रॉसिंग सड़क पार करने वालों और वाहन चालकों दोनों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।

जिलाधिकारी से लेकर विभाग तक को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन नतीजा नहीं निकला। जंगबहादुरगंज से शाहजहांपुर के बीच करीब 30 किमी के दायरे में एक भी अंडरपास नहीं है। नतीजतन कई प्रमुख चौराहे और तिराहे सीधे हाईवे से जुड़े हैं। कहीं गलत कट हादसों को न्योता दे रहे हैं, तो कहीं डिवाइडर पार कर सड़क पार करने की मजबूरी जानलेवा बन रही है। बीते 20 दिनों में ही दस किमी के दायरे में 7 लोगों की मौत व लगभग 40 लोगों के घायल होने की खबर ने हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जंगबहादुरगंज बाईपास के पूर्वी छोर पर उदयपुर के करीब ब्लैक स्पॉट खत्म करने के लिए नया रास्ता देकर डिवाइडर में कट बनाया गया, लेकिन इसके बाद भी लोग डिवाइडर के ऊपर से बाइक निकालने का जानलेवा स्टंट कर रहे हैं। चालक गलत तरीके से हाईवे पार कर रहे हैं। रात में दुर्घटना की संभावना और बढ़ जाती है। मेन रोड से बाईपास के दोनों प्रवेश व निकासी स्थल भी मानक विहीन हैं। ढलान व्यवस्थित न होने से ये स्थान ब्लैक स्पॉट बने हुए हैं।

वहीं, उचौलिया में फ्लाईओवर, नगरिया मोड़ और तिलहर बाईपास पर छह लेन के अंडरपास बनाए जाएंगे। उचौलिया में अंडरपास के लिए 81.10 करोड़ और नगरिया मोड़ के लिए 44.70 करोड़ का बजट प्रस्तावित है। फिलहाल मैगलगंज और जंगबहादुरगंज बाईपास को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं है। कई चौराहों पर ओवरब्रिज, अंडरपास या वैध क्रॉसिंग बनाने के साथ जागरूकता अभियान भी चलाया जाने की आवश्यकता है।

'वर्ष 2013 में फोरलेन निर्माण के लिए जो मानक और प्रस्ताव स्वीकृत हुए थे, उन्हीं के अनुसार हाईवे बनाया गया। अब जहां भी ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए जा रहे हैं, वहां सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। उचौलिया में फ्लाईओवर और मैगलगंज बाईपास के दोनों ओर अंडरपास स्वीकृत हुए हैं। जेबीगंज बाईपास के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है। शाहजहांपुर के बाद नगरिया मोड़ पर भी अंडरपास स्वीकृत हुआ है।- पुष्पेश, सहायक अभियंता, एनएचएआई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।