नेपाल में एशिया का दूसरा सबसे बड़ा झूला पुल टूटा, महाकाली नदी में गिरा बीच का हिस्सा
नेपाल के कंचनपुर जिले में महाकाली नदी पर बना एशिया का दूसरा सबसे बड़ा झूला पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। ...और पढ़ें

नदी में बना पुल का एक पिलर क्षतिग्रस्त हो गया
HighLights
महाकाली नदी पर एशिया का दूसरा सबसे बड़ा झूला पुल क्षतिग्रस्त।
पुल का बीच का पिलर टूटने से आवागमन पूरी तरह ठप।
नेपाल सरकार ने तकनीकी जांच शुरू की, दूर रहने की अपील।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। एशिया के दूसरे सबसे बड़े झूला पुलों में शामिल नेपाल के कंचनपुर जिले में दोधारा चांदनी और भीमदत्तनगर को जोड़ने वाले महाकाली नदी के झोलुंगे पुल का बीच का पिलर क्षतिग्रस्त होने से बड़ा हादसा टल गया।
बुधवार सुबह पुल के बीच का एक हिस्सा नदी में गिरने के बाद पूरे पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया। पुल की भयावह स्थिति को देखते हुए लोगों के लिए इसके आसपास जाना भी जोखिमपूर्ण बताया गया है। नेपाल सरकार ने पुल की क्षति के कारणों की तकनीकी जांच शुरू करा दी है।
बुधवार सुबह करीब आठ बजे पुल के बीच का एक हिस्सा अचानक नदी में गिर गया। पिलर के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल पुल पर आवागमन रोक दिया। इससे दोधारा चांदनी क्षेत्र और भीमदत्तनगर के बीच आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। फिलहाल पुल को दोबारा संचालित करने की कोई स्थिति नहीं है।
लोगों से की गई पुल के पास न जाने की अपील
कंचनपुर के जिलाधिकारी मदन कोइराला ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पुल का पिलर क्षतिग्रस्त होने के कारणों का पता लगाने के लिए सुदूरपश्चिम प्रदेश के यातायात मंत्रालय के अंतर्गत पूर्वाधार निर्देशनालय की तकनीकी टीम को बुलाया गया है। टीम ने मौके पर पहुंचकर पुल की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें- नेपाल में देखते ही देखते नदी में समाया पूरा सरकारी दफ्तर, दिल दहला देने वाला वीडियो आया सामने
तकनीकी टीम यह पता लगाएगी कि महाकाली नदी पर बने पुल के बीच के पिलर को किस वजह से क्षति पहुंची और पुल की मौजूदा स्थिति कितनी सुरक्षित है। तकनीकी अध्ययन की रिपोर्ट के बाद ही मरम्मत और पुल को दोबारा आवागमन के लिए खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
जिलाधिकारी कोइराला ने बताया कि पुल की स्थिति जोखिमपूर्ण है। ऐसे में सर्वसाधारण से पुल के निकट नहीं जाने की अपील की गई है। उन्होंने लोगों से घटनास्थल पर जाकर वीडियो बनाने या भीड़ लगाने से भी बचने को कहा है, ताकि किसी संभावित खतरे को टाला जा सके।
