मैलानी-नानपारा नई ब्रॉडगेज रेलवे लाइन को लेकर आया बड़ा अपडेट, मिहींपुरवा स्टेशन नहीं होगा शामिल
पूर्वोत्तर रेलवे ने आरटीआई के जवाब में मैलानी-नानपारा नई ब्रॉडगेज रेलवे लाइन परियोजना पर अपडेट दिया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
मैलानी-नानपारा ब्रॉडगेज परियोजना पर पूर्वोत्तर रेलवे ने दी जानकारी।
प्रस्तावित रेलमार्ग में मिहींपुरवा रेलवे स्टेशन शामिल नहीं।
पलियाकलां, निघासन होते हुए रायबोझा तक बिछेगी नई लाइन।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। मैलानी-नानपारा नई ब्राडगेज रेलवे लाइन परियोजना को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। पूर्वोत्तर रेलवे ने सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत मांगी गई जानकारी के जवाब में बताया है कि प्रस्तावित रेलमार्ग पर मैलानी से पलियाकलां होते हुए निघासन और रायबोझा तक नई ब्राडगेज लाइन बिछाने की योजना है।
रायबोझा से आगे नानपारा की ओर जाने वाले प्रस्तावित रेलमार्ग के सर्वे में बदलाव करते हुए यह योजना तैयार की गई है। खास बात यह है कि प्रस्तावित सर्वे में मिहींपुरवा रेलवे स्टेशन को शामिल नहीं किया गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के कार्यालय उप मुख्य इंजीनियर (निर्माण) की ओर से दिए गए जवाब में कहा गया है कि मैलानी-नानपारा ब्राडगेज परियोजना के पूर्वी छोर पर रायबोझा रेलवे स्टेशन को आगे बढ़ाने के बजाय उससे पहले ही रेलमार्ग को दूसरी दिशा में मोड़ने का प्रस्ताव है। इसके तहत रेल लाइन निघासन और पलियाकलां तक लाई जाएगी। वहीं, पलियाकलां से मैलानी तक मीटरगेज लाइन के समानांतर नई ब्राडगेज लाइन प्रस्तावित की गई है।
सर्वे पूरा होने के बाद तैयार होंगे अभिलेख
आरटीआई के तहत सुमित ने पूर्वोत्तर रेलवे से मैलानी-नानपारा ब्राडगेज रेललाइन परियोजना से संबंधित जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में रेलवे ने स्पष्ट किया कि परियोजना का सर्वेक्षण कार्य अभी प्रगति पर है।
सर्वेक्षण और उससे जुड़ी आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद ही परियोजना के अभिलेख और रिपोर्ट तैयार हो सकेंगे। रेलवे के इस जवाब से पलिया और निघासन क्षेत्र में प्रस्तावित ब्रॉडगेज रेलमार्ग की दिशा को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है।
