लखीमपुर में ई-रिक्शा की कमान संभालेंगी गांव की महिलाएं, आत्मनिर्भरता की राह होगी आसान
लखीमपुर में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अब ई-रिक्शा चलाकर आत्मनिर्भर बनेंगी, जिससे ग्रामीण परिवहन भी सुगम होगा। 'सेफ मोबिलिटी' कार्यक्रम के तहत 50 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है और उन्हें ऋण के माध्यम से रोजगार शुरू करने में मदद मिलेगी।
-1795404663376_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
लखीमपुर में महिलाएं ई-रिक्शा चलाकर बनेंगी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर।
'सेफ मोबिलिटी' कार्यक्रम के तहत 50 महिलाओं को मिलेगा ई-रिक्शा।
प्रशिक्षण के बाद बैंक ऋण से महिलाएं शुरू करेंगी अपना रोजगार।
संवादसूत्र, लखीमपुर। अब गांव की सड़कों पर ई-रिक्शा की कमान महिलाओं के हाथों में होगी। घर की जिम्मेदारियों के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिखने के लिए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं परिवहन क्षेत्र में कदम बढ़ाने जा रही हैं। कोई गांव की सवारियों को बाजार तक पहुंचाएगी तो कोई बच्चों और जरूरतमंदों के आवागमन का जरिया बनेगी। खास बात यह है कि इन महिलाओं ने ई-रिक्शा चलाने का प्रशिक्षण लेने के साथ रोजगार शुरू करने की तैयारी भी कर ली है।
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित ''सेफ मोबिलिटी'' कार्यक्रम में जिले की 50 महिलाओं को ई-रिक्शा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले चरण में लखीमपुर और कुंभी गोला विकासखंड की 30 महिलाओं को इंडसेटी भंसड़िया में प्रशिक्षण दिया गया। सीतापुर से आई प्रशिक्षिका निरमा सिंह ने महिलाओं को ई-रिक्शा संचालन के साथ यातायात नियमों और सुरक्षित ड्राइविंग के व्यावहारिक गुर सिखाए।
प्रशिक्षण के दौरान एक महत्वपूर्ण पहल यह भी हुई कि जिन महिलाओं के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था, उनके लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन कराया गया है।
प्रशिक्षण के समापन पर उपायुक्त एनआरएलएम जितेंद्र कुमार मिश्र, अग्रणी जिला प्रबंधक अशोक गुप्ता और डीडीएम वरुण गुप्ता ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए।
महिलाओं को अब मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से जोड़कर बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे ई-रिक्शा खरीदकर अपना रोजगार शुरू कर सकेंगी। जिला मिशन प्रबंधक वरुण गुप्ता के अनुसार, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स और लक्ष्य संस्था ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सामुदायिक बैठकों के माध्यम से इस पहल से जोड़ा और उन्हें ई-रिक्शा संचालन के लिए प्रेरित किया।
योजना का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार देने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और सुलभ परिवहन सुविधा विकसित करना है। प्रशिक्षण पूरा कर चुकीं ये महिलाएं अब सड़क पर उतरने और अपनी कमाई से परिवार को आर्थिक मजबूती देने के लिए तैयार हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।