विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीमपुर में घाघरा नदी में नहाते समय तीन किशोरियां बहीं, एक को बचाया और दो की तलाश जारी

Published: Mon, 14 Sep 2026 03:37 PM (IST)

लखीमपुर के ईसानगर में घाघरा नदी में नहाते समय तीन किशोरियां गहरे पानी में बह गईं। ग्रामीणों ने एक किशोरी को बचा लिया।

घाघरा नदी में नहाते समय तीन किशोरियां बहीं।

घाघरा नदी में नहाते समय तीन किशोरियां बहीं।

HighLights

  1. तीन किशोरियां घाघरा नदी में नहाते समय बहीं।

  2. ग्रामीणों ने एक किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाला।

  3. दो लापता किशोरियों की तलाश जारी, एसडीआरएफ को सूचना।

संवाद सूत्र, ईसानगर (लखीमपुर)। घाघरा नदी में नहाने गईं तीन किशोरियां सोमवार सुबह गहरे पानी में बह गईं। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक किशोरी को किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया, जबकि दो किशोरियां लापता हो गईं।

हादसे की सूचना मिलते ही गांव में खलबली मच गई। ग्रामीणों के साथ स्थानीय गोताखोर नदी में दोनों की तलाश में जुटे हैं। पुलिस ने एसडीआरएफ को सूचना देकर टीम बुलाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना थाना ईसानगर क्षेत्र के ग्राम हटवा मजरा फिरोजाबाद की है। गांव निवासी प्यारे की 10 वर्षीय पुत्री शैलेंद्री व 15 वर्षीय सुनीता एवं रामप्रसाद की 11 वर्षीय पुत्री गोल्डी सोमवार सुबह करीब 10 बजे घाघरा नदी के किनारे स्थित अपना खेत देखने गई थीं। खेत देखने के बाद तीनों नदी में नहाने लगीं। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।

तीनों को डूबता देखकर उनके चीखने की आवाज सुनाई दी। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल नदी की ओर दौड़े और बचाव का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद शैलेद्री को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन सुनीता और गोल्डी का पता नहीं चल सका। दोनों के नदी में बह जाने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू कर दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारकर दोनों किशोरियों की तलाश कराई जा रही है। नदी का बहाव तेज होने के कारण तलाश में दिक्कत आ रही है। परिवार के लोग भी नदी किनारे पहुंच गए और दोनों किशोरियों के सकुशल मिलने की आस लगाए बैठे हैं।

थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना एसडीआरएफ को दे दी गई है। टीम को बुलाने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से दोनों लापता किशोरियों की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें- यूपी परिवहन निगम की बसों में लागू होगी डिजिटल MST व्यवस्था, ऑनलाइन दर्ज होगा पूरा ब्योरा