लखीमपुर के खेतों में बाघ की दस्तक, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
लखीमपुर के द्वारिकागंज गांव में सीसीटीवी में बाघ दिखने से ग्रामीण दहशत में हैं और खेतों पर जाने से कतरा ...और पढ़ें

खेतों में दिखा बाघ।
HighLights
द्वारिकागंज गांव में सीसीटीवी में दिखा बाघ।
ग्रामीणों में दहशत, खेती-किसानी का काम प्रभावित।
वन विभाग ने बाघ की मौजूदगी की पुष्टि की।
संवादसूत्र, ममरी (लखीमपुर)। महेशपुर वन रेंज में बाघ की चहल कदमी से ग्रामीण दहशत में हैं। ग्राम पंचायत लंदनपुर ग्रंट के गांव द्वारिकागंज में लगे सीसी कैमरे में बाघ दिखने से ग्रामीण खेतों की ओर जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं। बता दें कि मंगलवार को खेतों पर गए ग्रामीणों ने इंजन के पास बाघ के पगचिह्न दिख, जिसने ग्रामीणों के होश उड़ा दिए।
ग्रामीणों को इंजन पर लगे सीसी कैमरे के फुटेज में बाघ टहलता दिखा। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की निगरानी टीम ने भी घटनास्थल पर जांच कर बाघ मौजूदगी की पुष्टि की है। वन कर्मियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और खेतों पर समूह में जाने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी बाघिन और शावक देखे जा चुके हैं। इससे खेती किसानी का काम प्रभावित हो रहा है।
बता दें कि कुछ दिन पहले मझिगवां गांव के दक्षिण वन कर्मियों ने ड्रोन कैमरे से बाघिन की लोकेशन ट्रैस करने का प्रयास किया था, जिसके अगले दिन खरगापुर गांव के गन्ने के खेतों में घास काटते समय शावक संग बाघिन दिखने पर ग्रामीण डर के मारे गांव भाग आए।
गन्ने के खेतों में बाघों की मौजूदगी से एक बार फिर मानव वन्य जीव संघर्ष की आशंका बनने लगी है। वन दरोगा रोहित श्रीवास्तव ने बताया है कि द्वारिकागंज में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि हो रही है। मौके पर निगरानी टीमें लगाई गई हैं।
