शिक्षिका चिल्लाती रही, हाथ पकड़कर घसीटता रहा आरोपी सऊद... लखीमपुर हत्याकांड का CCTV वीडियो आया सामने
लखीमपुर की चिल्ड्रंस एकेडमी में कंप्यूटर शिक्षिका निशात फातिमा की हत्या के एक दिन बाद सामने आई सीसीटीवी फुटेज में आरोपी सऊद को शिक्षिका को जबरन घसीटते हुए देखा गया।
HighLights
सीसीटीवी में सऊद शिक्षिका निशात को जबरन घसीटते हुए दिखा।
बच्चों और स्कूल स्टाफ की मौजूदगी में घटना पर उठे सवाल।
प्रेम संबंध में खटास को हत्या की वजह बताया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, लखीमपुर। चिल्ड्रंस एकेडमी में कंप्यूटर शिक्षिका निशात फातिमा की हत्या के एक दिन बाद सामने आई सीसी कैमरे की फुटेज ने वारदात से पहले सऊद की बर्बरता का खौफनाक चेहरा सामने ला दिया है।
फुटेज में सऊद शिक्षिका का हाथ पकड़कर उसे जबरन घसीटते हुए पहली मंजिल की ओर ले जाता दिखाई दे रहा है। आसपास छोटे-छोटे बच्चे और स्कूल के लोग मौजूद थे। इसके बावजूद किसी ने उसे रोकने या तत्काल पुलिस को सूचना देने की कोशिश क्यों नहीं की, यह सवाल अब गंभीरता से उठ रहा है।
फुटेज में सऊद जिस तरह निशात को अपने साथ ले जाता दिखाई दे रहा है, उससे साफ है कि वह सामान्य तरीके से मिलने नहीं आया था। घटनाक्रम के बाद सामने आई जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और कुछ समय से रिश्ते में खटास चल रही थी। बताया जा रहा है कि ब्रेकअप की स्थिति सऊद को मंजूर नहीं थी।
यह भी बताया जा रहा है कि निशात के स्वजन सऊद के घर रिश्ते की बात लेकर गए थे, लेकिन वहां से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। इसके बाद निशात ने सऊद से दूरी बनानी शुरू कर दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ने की बात सामने आ रही है। हालांकि वारदात के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
बच्चों के सामने घसीटता रहा, सुरक्षा तंत्र बना रहा तमाशबीन
सीसी कैमरे की फुटेज ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि सऊद शिक्षिका को हाथ पकड़कर बच्चों और अन्य लोगों की मौजूदगी में पहली मंजिल तक ले जा रहा था तो उसे बीच रास्ते क्यों नहीं रोका गया?
गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए। पुलिस को यह भी पता लगाना होगा कि घटना से पहले किस-किस ने यह गतिविधि देखी और समय रहते सूचना क्यों नहीं दी।
पुलिस अब सीसी कैमरों की फुटेज, मोबाइल चैट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की वजह और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा भी दर्ज किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी में खौफनाक वारदात: युवक ने स्कूल में घुसकर की टीचर की हत्या, फिर खुद को भी गोली से उड़ाया
