विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीमपुर खीरी में खौफनाक वारदात: युवक ने स्कूल में घुसकर की टीचर की हत्या, फिर खुद को भी गोली से उड़ाया

Published: Mon, 21 Sep 2026 01:17 PM (IST)Updated: Mon, 21 Sep 2026 01:19 PM (IST)

लखीमपुर के चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल में सोमवार को एक युवक ने शिक्षिका को गोली मारकर खुद को भी गोली मार ली, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

HighLights

  1. लखीमपुर स्कूल में युवक ने शिक्षिका को गोली मारी, फिर खुद को।

  2. दोनों की घटनास्थल पर ही मौत, बच्चों के सामने हुई घटना।

  3. वारदात से स्कूल सुरक्षा पर गंभीर सवाल, पुलिस जांच में जुटी।

जागरण संवाददाता, लखीमपुर। शहर के बीचोंबीच सोमवार को छोटे बच्चों के स्कूल में गोलियों की तड़तड़ाहट ने सनसनी फैला दी। शाहपुरा कोठी चौराहे के पास स्थित चिल्ड्रेन एकेडमी में करीब साढ़े 11 बजे 28 वर्षीय युवक ने 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा को गोली मार दी।

इसके कुछ ही क्षण बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के समय स्कूल में करीब 350 बच्चे मौजूद थे। एक के बाद एक दो गोलियां चलने से बच्चों में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नौरंगाबाद निवासी सऊद अंसारी सोमवार सुबह स्कूल परिसर में दाखिल हुआ। बताया गया कि उसने पहले से स्कूल में मौजूद शिक्षिका निशात फातिमा से बातचीत की। इसके बाद दोनों स्कूल की दूसरी मंजिल पर नर्सरी और सीनियर नर्सरी कक्षाओं के सामने पहुंचे।

WhatsApp Image 2026-09-21 at 1.06.12 PM

कुछ देर दोनों के बीच बातचीत होती रही। इसी दौरान स्कूल का स्टाफ भी वहां पहुंचने लगा। बातचीत के दौरान अचानक युवक ने अपने पास मौजूद तमंचे से शिक्षिका को गोली मार दी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, अफले ही पल उसने खुद को भी गोली मार ली।

दो गोलियों की आवाज से स्कूल परिसर दहल गया। परीक्षाएं चलने के कारण बड़ी संख्या में छोटे बच्चे स्कूल में मौजूद थे। घटना के बाद बच्चे सहम गए और स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षिका और युवक को तत्काल देखने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

वारदात के बाद इलाके में सनसनी

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डा. ख्याति गर्ग, सीओ सिटी विवेक तिवारी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस युवक के स्कूल में प्रवेश करने, शिक्षिका से बातचीत और फिर गोली चलने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।

एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि शिक्षिका और युवक दोनों की मौके पर मौत हुई है। वारदात के पीछे क्या कारण था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवक स्कूल परिसर में किस उद्देश्य से आया था और उसके पास हथियार कैसे पहुंचा।

दिनदहाड़े स्कूल में हुई इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि युवक हथियार लेकर स्कूल परिसर तक कैसे पहुंच गया। छोटे बच्चों की मौजूदगी वाले स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत थी और घटना से पहले किसी को युवक की गतिविधियों पर संदेह क्यों नहीं हुआ, इन बिंदुओं पर भी पुलिस जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर में हाईवे चौड़ीकरण के लिए महौता बस्ती पर चला बुलडोजर, सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन